-हाईजैकिंग, हमला, अग्निकांड, स्वच्छ पर्यावरण के बिंदुओं पर हुई चर्चा
– जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई एयरपोर्ट एयरोडोम व इनवायरमेंटल कमेटी की बैठक
कुशीनगर(हि. स.)। अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर बनी एयरपोर्ट,पुलिस,प्रशासन की संयुक्त एयरोडोम कमेटी व एयरफील्ड इनवायरमेंटल कमेटी की अलग-अलग हुई बैठक में सुरक्षा उपायों पर चर्चा हुई व रणनीति बनी। विमान हाइजैक की स्थिति में अपनाई जाने वाली सुरक्षा का (माॅक ड्रिल) पूर्वाभ्यास किया गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को दोपहर को हुई बैठक में संबंधित सभी बिंदुओं पर हुई चर्चा के उपरांत बनी रणनीति को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए जिम्मेदारी तय की गई। डीएम ने एयरपोर्ट व सिविल प्रशासन के अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में 1.75 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के संबंध में हो रही समस्या , लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों में हो रही देरी, कनेक्टिविटी रास्ता बनाने, रनवे फील्ड के समानांतर 180 मीटर का क्लियरेंस, साइन बोर्ड लगाने तथा एंबुलेंस, बस फैसिलिटी में आने वाली समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने 2 सप्ताह के अंदर विवादित भूमि में किसानों के सामंजस्य के साथ भूमि के विवाद को निस्तारण करने हेतु उप जिलाधिकारी कसया को निर्देशित किया। चिकित्सा विभाग के अधिकारी को फ्लाइट लैंडिंग के समय एंबुलेंस की व्यवस्था करने, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्माणाधीन कार्यों को तत्काल पूर्ण कर हैंडओवर करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में स्थिति प्रबंधन संचार प्रणाली, कंट्रोल रूम मॉक एक्सरसाइज, एंटी हाईजैकिंग रूम की व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई एवं जिलाधिकारी के समक्ष एंटी हाईजैकिंग के मॉक ड्रिल का प्लान और एक्सरसाइज का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
बैठक में सीडीओ गुंजन दुबे, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन, एसडीएम योगेश्वर सिंह , एयरपोर्ट निदेशक राजेंद्र प्रसाद लंका, प्रबन्धक सुरक्षा राजीव श्रीवास्तव,सीएमओ डॉ.सुरेश पटेरिया, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन मृत्युंजय झा समेत एयरपोर्ट, बीसीएएस ,पुलिस,आईबी, चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए।
खुले में मांस मछली पर लगाएं रोक : एयरपोर्ट से विमानों के सुरक्षित परिचालन के लिए जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट की दस किमी परिधि में खुले में मांस-मछली की बिक्री के प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को एयरफील्ड इनवायरमेंटल कमेटी की बैठक में डीएम ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को मांस मछली व्यापारियों को इस सम्बंध में अवगत कराने के निर्देश दिए। अन्यथा व्यापारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण,नगरपालिका, चिकित्सा, स्वास्थ्य व खाद्य सुरक्षा के अधिकारियों को नपा के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
गोपाल/सियाराम
