गोरखपुर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार को कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का शुभारंभ किया जाना है। इसको लेकर तैयारियां चरम पर है। प्रशासनिक अधिकारियों का दौरा भी खूब हो रहा है। एडीजी जोन और डीआईजी रेंज ने भी मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बुधवार को कुशीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास और 12 अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात मिलनी है। तैयारियां लगभग पूर्ण हैं। इस बीच मंगलवार की शाम को प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल पर हो रहे कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को जांचने एडीजी जोन अखिल कुमार और डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र जे. रविंद्र गौड़ पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होने वाले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात सुरक्षा अधिकारियों व कर्मचारियों से बातें की और जरूरी दिशा-निर्देश दिया।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने आ रहे हैं। इससे तथागत भगवान बुद्ध का महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर का ऐतिहासिक गौरव तो समृद्धशाली होगा ही, यहां बनने वाले मेडिकल कॉलेज से जिले की तकरीबन 40 लाख आबादी को स्वास्थ्य लाभ मिलने की राह खुलेगी। इसके अलावा अनेक परियोजनाओं के माध्यम से बाढ़ सुरक्षा, सड़क व ज्ञानालयों से जुड़ीं परियोजनाएं लागू होने की घोषणा से जिले की खुशहाली बढ़ने की राह भी आसान होगी।
