Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट उद्घाटन कभी भी, रन-वे पर गतिविधियां तेज

कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट उद्घाटन कभी भी, रन-वे पर गतिविधियां तेज

कुशीनगर (हि.स.)। बौद्ध सर्किट के लिए महत्वपूर्ण और केंद्र सरकार की मेगा परियोजना कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन का कार्यक्रम कभी भी आ सकता है। इसकी संभावना प्रबल हो गई है। सांसद विजय दुबे ने इसकी पुष्टि की है। 

 दरअसल बुधवार देर शाम को एयरपोर्ट के रन वे लगे कैट वन एप्रोच लाइट का परीक्षण हुआ। स्विच आन होते ही 3200 मीटर लंबे रन-वे पर फैली रंग बिरंगी रोशनी एयरपोर्ट से सटे शहर व आस पास के गांवों में फैल गई। लोग कौतुक से रोशनी निहारने घरों की छत पर चढ़ गए। इसी के साथ एयरपोर्ट से उड़ान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। 
  एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने को लेकर युद्धस्तर पर कार्य हो रहे हैं। कैट वन लाइट का परीक्षण भी इसी दिशा में हुआ। कैट वन के सहारे विमान खराब मौसम, बारिश, घने कोहरे व अंधेरी रात को भी न्यूनतम दृश्यता में भी लैंड व टेक आफ कर सकेंगे।
नागर विमानन मंत्रालय एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों व प्रथम अंतर्राष्ट्रीय उड़ान श्रीलंका के कोलंबो से आने वाले विमान के जरिए कराने की योजना पर कार्य कर रहा है। बोइंग-737 विमान से श्रीलंका के 180 बौद्ध भिक्षुओं को लाया जाना प्रस्तावित है। बौद्ध सर्किट के पर्यटन के लिए संजीवनी मानी जा रही इस परियोजना की हर गतिविधि पर पीएमओ व विदेश मंत्रालय भी निगाह रख रहा है। 
 महाप्रबन्धक संजय नारायण ने बताया कि एयरपोर्ट का कार्य पूरा होने के कगार पर है। एप्रोच लाइट का परीक्षण उसी का हिस्सा है। 350 मीटर दृश्यता में भी एयरपोर्ट पर विमान जब चाहें उतारा जा सकता है। किंतु यह निर्णय सरकार को करना है। 
 विजय दुबे सांसद कुशीनगर ने बताया कि एयरपोर्ट उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके लिए मेरा पीएमओ व मुख्यमंत्री कार्यालय से लगातार संपर्क में बना हुआ है। उद्घाटन का कार्यक्रम कभी भी आ सकता है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular