Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेश कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर बनी पुख्ता रणनीति

 कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर बनी पुख्ता रणनीति

– एयरोडोम व एयरफील्ड इनवायरमेंटल कमेटी की हुई बैठक

कुशीनगर (हि. स.)। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर बनी एयरपोर्ट,पुलिस,प्रशासन की संयुक्त एयरोडोम कमेटी व एयरफील्ड इनवायरमेंटल कमेटी की अलग-अलग बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा उपायों पर चर्चा हुई व रणनीति बनाते हुए सभी अफसरों की जिम्मेदारी तय की गई।

जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में बुधवार दोपहर को हुई बैठक में हाईजैकिंग, हमला, अग्निकांड, स्वच्छ पर्यावरण के बिंदुओं पर हुई चर्चा के उपरांत बनी रणनीति को प्रभावी तरीके से लागू करने पर सहमति बनी। डीएम ने एयरपोर्ट व सिविल प्रशासन के अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में टर्मिनल बिल्डिंग, एयरसाइड, परिचालन क्षेत्र, सख्त आगमन नियंत्रण, कार पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वाहनों की गहन जांच, यात्रियों, कर्मचारियों तथा आगंतुकों की सख्त जांच रैंडम स्क्रीनिंग पर चर्चा हुई। खानपान, मेल आदि की जांच और सुरक्षा, टर्मिनल बिल्डिंग तथा आपरेशनल क्षेत्रों के आसपास के स्थानों का सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, आपात चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन उपाय, लैंग्वेज ट्रांसलेटर आदि बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) लगाने में आड़े आ रहे मकान व पेंड हटाने का निर्देश हुआ।

बैठक में एडीएम देवीदयाल वर्मा, एसडीएम कल्पना जायसवाल, एयरपोर्ट निदेशक नरेंद्र रे, एएसपी रितेश कुमार सिंह, प्रबन्धक सुरक्षा राजीव श्रीवास्तव,सीएमओ डॉ.सुरेश पटेरिया, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन मृत्युंजय झा समेत एयरपोर्ट, बीसीएएस ,पुलिस, एनएसजी,आईबी, चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि एयरपोर्ट पर आपात स्थिति से निपटने के लिए बनी एयरोडोम कमेटी की बैठक में सम्बंधित सभी विभागों में समन्वय व दायित्व व तैयारियों पर चर्चा हुई है।

एयरपोर्ट से विमानों के सुरक्षित परिचालन के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने एयरपोर्ट की दस किमी परिधि में खुले में मांस-मछली की बिक्री प्रतिबंधित कर दी है। बुधवार को एयरफील्ड इनवायरमेंटल कमेटी की बैठक में डीएम ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी प्रेमशंकर गुप्त को मांस मछली व्यापारियों को इस सम्बंध में अवगत कराने के निर्देश दिए। अन्यथा की दशा में व्यापारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण,नगरपालिका, चिकित्सा, स्वास्थ्य व खाद्य सुरक्षा के अधिकारियों को नपा के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular