– वीवीआइपी मूवमेंट की भी परवाह नही
– 16 मई को आ रहे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल
कुशीनगर (हि.स.)। जनपद में इसी माह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में सभी विभाग के अधिकारी अपने-अपने विभागों के अभिलेखों को चुस्त-दुरूस्त करने में लगे हुए है। वहीं, शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग में बड़ी लापरवाही उभरकर सामने आई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सुरेश पटेरिया ने सीएचसी के औचक निरीक्षण किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.नीलकमल समेत 45 कर्मी अनुपस्थित मिले। इस केन्द्र पर 74 कर्मचारी तैनात हैं। इस मामले को गंभीरता से लेकर सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका देखकर अनुपस्थित प्रभारी चिक्तिसक और कर्मचारियों को नोटिस देकर जवाब तलब किया है।
वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर मुख्य चिकित्साधिकारी अस्पताल के दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने पूरे स्टॉफ को हर समय अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया। सीएमओ ने सीएचसी परिसर में सभी चिकित्सा सुविधाओं से लैस एक सेफ हाउस बनाने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके। गर्मी के मौसम को देखते हुए शासन ने सरकारी अस्पताल सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक ओपीडी चलाने का समय निर्धारित किया है।
सीएमओ डा. सुरेश पटारिया सुबह 08 बजकर 45 बजे यानि कि अस्पताल खुलने के 45 मिनट बाद सीएचसी पहुंचे तो यहां तैनात 74 स्वास्थ्य कर्मियों में मात्र 29 उपस्थित मिले। सीएचसी की प्रभारी सहित 45 स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं मिले। सीएमओ ने उपस्थित पंजिका लेकर सबको अनुपस्थित कर दिया। वह वार्ड में पहुंचे तो गर्भवती महिला मुन्नी देवी भर्ती मिलीं। जांच किया तो उनके शरीर में खून की कमी पाई गई। सीएमओ ने तत्काल खून की व्यवस्था कराकर मरीज को चढ़वाने का निर्देश दिया।
सीएमओ के आने की खबर सुनकर आवासों में आराम फरमा रहे कर्मी पहुंचे तो उन्हें डांट फटकार भी मिली। सीएमओ ने एयरपोर्ट एवं प्रधानमंत्री के हेलीपैड स्थल पर एक-एक टीम वैक्सीनेशन एवं टेस्टिंग के लिए स्वास्थ्य टीम तैनात करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अनुपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
गोपाल
