-आश्रितों को किया सम्मान
कुशीनगर(हि. स.)। कसया तहसील प्रशासन व सैनिक कल्याण विभाग ने शुक्रवार को द्वितीय विश्व युद्ध के शहीद सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया। सरकार के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी सेनानियों के घर पहुंचे। गांव की मिट्टी को माथे से लगा शहीदों के व्यक्तित्व व कृतित्व को नमन किया।
आजादी के अमृत महोत्सव व रक्षाबंधन के अवसर पर हुए सम्मान कार्यक्रम में बतरडेरा गांव की निवासी 115 बर्ष बालकेसिया देवी पत्नी स्व. सनहू व बरवां जंगल गांव की 95 वर्ष की मंशा देवी पत्नी स्व.लालजी के नाम उल्लेखनीय हैं। एसडीएम गोपाल शर्मा ने तहसील प्रशासन के तरफ शाल, अंग वस्त्र, मिष्ठान व देश की आन बान शान का प्रतीक तिरंगा भेंट किया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डॉ. आलोक सक्सेना ने राज्य सरकार की तरफ दो-दो हजार रुपया का धनराशि भेंट की।
इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि सेनानियों के कृतित्व की बदौलत देश आजाद हुआ। हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। हमारा खुद का संविधान है और हम स्वतंत्र रूप से दुनिया के साथ कदमताल कर पा रहे हैं। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह शहीदों की कुर्बानी को सार्थक बनाए रखने के लिए देश की एकता व अखण्डता को कायम रखने के लिए कार्य करे। इस अवसर पर शहीद के पुत्र चौथी लेखपाल ब्रजेश मणि त्रिपाठी व नीलेश रंजन राव उपस्थित रहे।
गोपाल
