Wednesday, March 4, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलकुल्हाड़ी से काटकर छोटे भाई की हत्या, पत्नी और बेटा घायल

कुल्हाड़ी से काटकर छोटे भाई की हत्या, पत्नी और बेटा घायल

– वारदात के बाद हत्यारोपित बेटे संग फरार

लखनऊ (हि.स.)। निगोहा थाना क्षेत्र में जमीन बांटने के विवाद पर गुरुवार को एक भाई ने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव में छोटे भाई की पत्नी और बेटा घायल हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्यारोपितों की तलाश शुरु कर दी है।

रामदासपुर गांव में रहने वाले किसान राजकुमार का अपने छोटे भाई शिवकुमार (48) से बटवारे की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बात की रंजिश रखते हुए गुरुवार को राजकुमार ने बेटे संग कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर शिवकुमार को घायल कर दिया। शोर सुनकर शिवकुमार की पत्नी कमला देवी और बेटा पिंटू बीच-बचाव में दौड़े तो हमलावरों ने उन पर भी वार कर किया। उन्हें पकड़ने के लिए दौड़े ग्रामीणों को देखकर राजकुमार अपने बेटे संग भाग निकला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों की मदद से शिवकुमार उसकी पत्नी और बेटे को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने शिव कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि कमला देवी और उसके बेटे को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी। सूचना पाकर सीओ मलिहाबाद सैयद नइमुल हसन मौके पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे।

सीओ ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आज से दो साल पहले दोनों भाईयों के बीच जमीनों का बटवारा हो चुका है। इसके बाद भी राजकुमार दोबारा बटवारा करने का दबाव बना रहा था। इस पर शिवकुमार ने कहा था कि धान की फसल कट जाए तो दोबारा बटवारा कर लेंगे। इसी बात को लेकर राजकुमार ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular