Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुलपहाड़ में इंडियन बैंक में खाताधारकों के खाते से निकाले गए लाखों...

कुलपहाड़ में इंडियन बैंक में खाताधारकों के खाते से निकाले गए लाखों रुपये

महोबा (हि. स.)। जिले की कुलपहाड़ स्थित इंडियन बैंक शाखा सुर्खियों में है। तत्कालीन बैंक मैनेजर एवं उनके साथी ने कई खाताधारकों के खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। इस बात का खुलासा होने के बाद इन दिनों खाताधारकों में अपने अकाउंट का स्टेटमेंट निकलवाने की होड़ लगी हुई है। स्टेटमेंट देखने के बाद जिन खाताधारकों के खातों से पैसे नहीं निकले हैं , वे भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे हैं और जिन खाताधारकों के खाते से पैसे निकाले गए हैं, वे बुरी तरह परेशान हैं। उन्हें डर है कि उनकी गाढ़ी कमाई का पैसा कैसे वापस उनके खाते में आएगा। पैसा वापस मिलेगा या डूब जाएगा। प्रतिदिन ऐसे खाताधारकों को स्टेटमेंट मिलने के बाद पता चलता है कि प्रबंधक और फील्ड ऑफिसर ने उन्हें कितनी बड़ी आर्थिक चपत लगाई है।

बैंक के बगल में जनरल स्टोर की दुकान खोले दुकानदार भी अपना एकाउंट स्टेटमेंट देखकर तब हतप्रभ रह गया जब उसने मिलान करने पर पाया कि उसके खाते से 6 लाख से अधिक की धनराशि निकाली जा चुकी है। इसी तरह रिछा गांव के रहने वाले व ठेकेदारी कर रहे राजेन्द्र के खाते से भी 9 लाख से अधिक की धनराशि बैंक के अधिकारियों ने उड़ा दी। इंडियन बैंक की कुलपहाड़ शाखा में खाताधारक स्टेटमैंट निकलवाकर मिलान करने में डटे हुए हैं। प्रतिदिन 500 से अधिक खाताधारक अपना स्टेटमेंट निकलवा रहे हैं। बैंक का एक कर्मचारी एक हफ्ते से केवल एकाउंट स्टेटमेंट निकालने में लगा है। जिसमें बड़ी मात्रा में कागज का इस्तोमाल हो रहा है। गौरतलब है कि अपने एकाउंट का स्टेटस जानना खाताधारक का हक है एवं पहली बार स्टेटमेंट मांगने पर कोई शुल्क नहीं वसूला जाता है। जबकि तमाम खाताधारकों से स्टेटमेंट निकलवाने का पैसा वसूल लिया गया। इस संबंध में बैंक प्रबंधक अनुराग सक्सेना का कहना है कि यदि किसी खाताधारक से स्टेटमेंट शुल्क वसूला गया हो तो वो शिकायत दर्ज करा सकता है उसका पैसा उसके खाते में वापस ट्रांसफर किया जाएगा।

महेन्द्र द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular