Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुरियर देने के बहाने घर में घुसे बदमाश, महिला घायल

कुरियर देने के बहाने घर में घुसे बदमाश, महिला घायल

मेरठ (हि.स.)। रेलवे रोड थाना क्षेत्र के जैन नगर में मंगलवार को कुरियर देने के बहाने दो बदमाश घर में घुस गए। शक होने पर घर में मौजूद महिलाओं ने शोर मचा दिया। यह देखकर बदमाशों ने हमला कर एक महिला को घायल कर दिया और फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

रेलवे रोड थाना क्षेत्र के जैन नगर में ड्राइंग ब्रश के कारोबारी राजीव जैन परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार को राजीव अपने बेटे के साथ दुकान के लिए घर से निकल गए। इसके बाद दो बाइक सवार बदमाश उनके घर पर पहुंचे और दरवाजा खटखटा कर कुरियर की आवाज लगाई। इसके बाद कहा कि बड़ा पार्सल लाए हैं और उसे घर में रखना है। राजीव की पत्नी नीतू ने दरवाजा खोला तो बदमाशों को हेलमेट लगाए देखकर शक हुआ। इसके बाद एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया। यह देखकर नीतू और उनकी पुत्रवधू ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद नीतू ने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश ने उनके सिर में तमंचे की बट मार दी। जिससे नीतू घायल हो गई और बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलते ही सीओ कैंट रूपाली राय चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी में बदमाश कैद हो गए। जल्दी ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता नटराज भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से बदमाशों को पकड़ने की मांग की।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular