जालौन (हि.स.)। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि रैबीज एक संक्रामक बीमारी है। जो संक्रमित कुत्ते, बिल्ली आदि जानवरों के द्वारा काटने या लार आदि के माध्यम से फैलती है। इसमें वैक्सीनेशन ही बचाव है। अगर व्यक्ति रैबीज से संक्रमित हो जाए तो मृत्यु निश्चित है। इसलिए जब भी किसी व्यक्ति को कुत्ता काटता है, तो सबसे पहले घाव को बहते हुए साफ पानी एवं साबुन से 15 मिनट तक धोए एवं नजदीकी चिकित्सालय में जाकर रैबीज का वैक्सीनेशन जरूर कराएं। किसी झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़े और न ही घाव पर मिर्च पाउडर एवं तेल का प्रयोग करें। घाव को पट्टी से न बांधें। कुत्ते को अकारण न छेड़ें। अपने पालतू कुत्तों का टीकाकरण जरूर कराएं तथा पालतू कुत्ते को आवारा कुत्तों के साथ न घूमने दें। आपके आवासीय क्षेत्र में कुत्ते, बिल्ली, बन्दर एवं अन्य जंगली जानवर अधिक हों तो नगर पालिका/नगर पंचायत में जाकर सूचना दें।
विशाल/सियाराम
