Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुछ नेता एक समुदाय को एकत्र करने के लिए देश विभाजन के...

कुछ नेता एक समुदाय को एकत्र करने के लिए देश विभाजन के जिम्मेदार जिन्ना का नाम ले रहे : इंद्रेश कुमार

वाराणसी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि कुछ नेता एक समुदाय को एकत्र करने के लिए देश के विभाजन के जिम्मेदार जिन्ना का नाम ले रहे हैं। ऐसे में देश को जोड़ने वालों की जरूरत है। जो तोड़ने वाली शक्तियां हैं उनको आपसी एकता से ही मुँहतोड़ जवाब दे सकते हैं।

इंद्रेश कुमार गुरूवार को लमही सुभाष भवन में विशाल भारत संस्थान की ओर से आयोजित “हम भारत के लोग अभियान” का आगाज कर मौजूद लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जातिवादी व पंथवादी विचार के लोग भारतीय समाज के ताने-बाने को तोड़कर देश के खिलाफ एक षड्यंत्र रच रहे हैं। धर्म के नाम पर कट्टरता और दंगे न हो, जाति के नाम पर विषमता समाप्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “हम भारत के लोग अभियान” जन–जन में भारतीयता को बोध करायेगा।

यहां इंद्रेश कुमार ने सुभाष भवन में स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के मंदिर में महापुरूष को नमन किया और प्रतिमा की आरती भी उतारी। कार्यक्रम में इंद्रेश कुमार ने ‘चीन से कैलाश मानसरोवर मुक्त करवाने, पाकिस्तान की शैतानी प्रवृत्ति के नाश आदि का निंदा प्रस्ताव पारित किया। साथ ही जाति की राजनीति करने वाले अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी, ओवैसी, मायावती जैसे नेताओं को “हम भारत के लोग अभियान” अभियान के जरिये संदेश दिया कि अब बांटने, भड़काने एवं लड़वाने की राजनीति नहीं चलेगी। साथ ही सब ने संकल्प लिया कि भूख से पीड़ितों को अनाज, अनपढ़ों को शिक्षा, बेटियों को सम्मान दिलाने का भी कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ राजीव ने कहा कि जाति के नाम पर छुआछूत, भेदभाव, विषमता का पूर्ण बहिष्कार होना जरूरी है। देश को खोखला करने वाली ताकतों के खिलाफ हम भारत के लोग एकता का प्रदर्शन करेंगे ताकि ऐसी शक्तियों का विनाश हो सके। हम भारत के लोगों की एकजुटता ही भारत के खिलाफ होने वाले षड्यंत्रों का मुकाबला कर सकती है। कार्यक्रम में ईश्वर चन्द्र सरदाना ने भी विचार रखा। संचालन अर्चना भारतवंशी और धन्यवाद ज्ञापन अजहरूद्दीन ने किया। कार्यक्रम में नाजनीन अंसारी, डा निरंजन श्रीवास्तव, नजमा परवीन, डा मृदुला जायसवाल, डाॅ भोलाशंकर गुप्ता, डीएन सिंह, शाहिद, अशरफ, अंसारूल हक, जुनैद, परवेज आदि ने भाग लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular