Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुख्यात फहीम की फरारी में प्रतिसार निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों पर विभागीय...

कुख्यात फहीम की फरारी में प्रतिसार निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्यवाही शुरू

– पुलिस क्षेत्राधिकारी कटघर की जांच में मिले दोषी

– डीआईजी शलभ माथुर ने एसपी बिजनौर को दिए विभागीय कार्यवाही के आदेश

मुरादाबाद (हि.स.)। पिछले दिनों कुख्यात फहीम उर्फ एटीएम की फरारी के मामले में पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक समेत छह पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए जाने से पुलिस कर्मियों में खलबली मची हुई है। सीओ कटघर मुरादाबाद की प्रारम्भिक जांच में उक्त सभी पुलिसकर्मियों की पूरे प्रकरण में लापरवाही सामने आई है। जिस पर डीआईजी मुरादाबाद शलभ माथुर ने पत्र भेजकर एसपी बिजनौर को विभागीय जांच के निर्देश जारी किए हैं।

मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के उमरी कला निवासी हिस्ट्रीशीटर फहीम उर्फ एटीएम को सुरक्षा कारणों से कुछ दिन पूर्व ही बिजनौर जेल में शिफ्ट किया गया था। बीती 5 मई को हत्या के मामले में मुरादाबाद कोर्ट में उसकी पेशी थी। बिजनौर के दो सिपाही उसे पेशी के लिए मुरादाबाद लाए थे। रास्ते में फहीम ने पुलिसकर्मियों को इस बात के लिए राजी कर लिया कि वह दोनों उसे पत्नी से मिलवाने पाकबड़ा ले जाएंगे। कोर्ट में बिना पेशी कराए ही दोनों सिपाही फहीम को कार में बैठाकर पाकबड़ा के हाशमपुर चौराहे पर स्थित फहीम के बहन नरगिस व बहनोई राशिद के मकान पर ले गए। वहीं पर उसकी पत्नी थी। फहीम ने दोनों सिपाहियों को मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में बैठा दिया और खुद पत्नी के साथ दूसरे कमरे में चला गया। आरोपित फहीम और उसकी पत्नी वहां से भाग निकले और दोनों सिपाहियों को उसी मकान में बंद कर दिया था। सूचना पाकर पुलिस ने दोनों सिपाहियों को बाहर निकाला।

इस मामले में दोनों सिपाहियों राहुल कुमार व दिनेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया था और उन पर निलम्बन की कार्रवाई की गई थी। जबकि एसपी बिजनौर डॉ धर्मवीर सिंह ने मामले में गणना मोहर्रिर को निलम्बित किया था। डीआईजी ने इस मामले की जांच एसपी मुरादाबाद को सौंपी थी। एसपी ने सीओ कटघर से मामले की प्रारम्भिक जांच कराई थी। इस जांच में बिजनौर पुलिस लाइन के आरआई शिव बालक वर्मा, गणना मोहर्रिर अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल एमटी जयपाल सिंह, चालक ललित व बदमाश को पेशी पर लेकर गये सिपाही राहुल व दिनेश की लापरवाही सामने आई है। जिसके चलते डीआईजी मुरादाबाद शलथ माथुर ने आरआई समेत छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिये हैं।

निमित

RELATED ARTICLES

Most Popular