Tuesday, April 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुख्यात जिला बदर बदमाश निशांत उर्फ काके पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

कुख्यात जिला बदर बदमाश निशांत उर्फ काके पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

गाजियाबाद(हि.स.)। सिहानी गेट पुलिस ने जिला बदर बदमाश निशांत उर्फ काके को मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र से बीती रात एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की ओर से चलाई गोली से निशांत घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक दुबे ने शुक्रवार की सुबह बताया कि निशांत एक कुख्यात अपराधी है। विभिन्न थानों पर उसके खिलाफ 29 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसको प्रशासन ने जिला बदर किया हुआ था। बताया कि निशांत का एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि सिहानी गेट पुलिस गुरुवार को देर रात रैंडम चेकिंग कर रही थी। तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह रुकने के बजाय भागने लगे। पुलिस को इन पर शक हो गया और पुलिस ने उनका पीछा किया। आसपास के थानों की पुलिस को भी इसकी सूचना दी। पुलिस को पीछा करता देख बदमाश मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र में पहुंच गए और डीपीएस स्कूल के पीछे पुलिस ने इनको घेर लिया। जब पुलिस ने घेर लिया तो इन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश दाएं पैर में गोली लगने से गिर गया, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि यह पटेल नगर निवासी जिला बदर बदमाश निशांत उर्फ काके है। उसके कब्जे से एक तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया।

फरमान अली

RELATED ARTICLES

Most Popular