परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला बलरामपुर। मंगलवार को रेहरा बाज़ार थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद निवासी संजय विश्वकर्मा (15) पुत्र लोधे उर्फ सुनील विश्वकर्मा कुआनो नदी में डूब गया था। बुधवार को ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने नदी से शव बरामद कर लिया है। बता दें कि मंगलवार दोपहर में साथियों के साथ सुनील कुआनों नदी के अमघटी घाट में नहाने गया था। नदी में नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया। संजय विश्वकर्मा को पानी में डूबता हुआ देख साथियों ने उसको बचाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के ग्रामीणों ने पानी में डूबे संजय विश्वकर्मा को खोजने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। मामले की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची। संजय विश्वकर्मा के साथियों द्वारा डूबने का स्थान बताए जाने पर पुलिस व ग्रामीणों ने संजय की काफी खोजबीन की। मंगलवार शाम तक संजय का पता नहीं लगा।बुधवार सुबह पुलिस व ग्रामीणों ने मृतक की लाश की तलाश फिर शुरू की। नदी के अमघटी घाट से शव को बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष जयदीप दूबे ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेज दिया है। संजय विश्वकर्मा की लाश मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
