Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसी भी दशा में नहीं होने दी जाएगी ओवरलोडिंग: डा. रोशन जैकब

किसी भी दशा में नहीं होने दी जाएगी ओवरलोडिंग: डा. रोशन जैकब

उपभोक्ताओं को उचित दरों पर मोरंग, बालू और गिट्टी की हो उपलब्धता

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में खनन विभाग की टीमों द्वारा अवैध खनन व अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी व्यवस्था की गयी है। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग द्वारा किए गए अत्याधुनिक सर्विलांस सिस्टम का जिलों में सही ढंग से संचालन हो, इस हेतु मुख्यालय स्तर से लगातार फील्ड में जाकर इसका जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा खदानों और खनन परिवहन करने वाले वाहनों तथा विभिन्न चयनित मार्गों पर लगाए गए चेक गेटो व वहां लगाये गये उपकरणों के माध्यम से स्थलीय जांच की जा रही है ।

उत्तर प्रदेश के भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की निदेशक डॉ.रोशन जैकब द्वारा लगातार रात्रि में भ्रमण कर अभियान के तहत निरीक्षण किया जा रहा है। डा. रोशन जैकब ने पिछले दिनों मुख्यालय की टीम के साथ कानपुर – हमीरपुर रोड (घाटमपुर)में तकरीबन 80 ट्रकों का, प्रतापगढ़ के अल्लापुर (कुंडा), इटावा के उदी माइनिंग चेक गेट का निरीक्षण किया। डॉ.रोशन जैकब ने कहा किसी भी दशा में ओवरलोडिंग न होने पाए, इस बात पर सबसे ज्यादा फोकस किया जा रहा है।

मुख्यालय से अन्य गठित टीमों द्वारा भी डा.जैकब के नेतृत्व में निरीक्षण किया जा रहा है। डा.जैकब ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गाड़ियों के एम.एम.-11 को स्कैन किया गया तथा वाहन नंबर से रवन्ना को वेरीफाई किया गया। गाड़ियों में लगे आरएफआईडी टैग को भी स्कैन किया गया । निरीक्षण के दौरान लगभग सभी गाड़ियां अंडरलोड पाई गई और अधिकांश में आरएफआईडी टैग भी लगा पाया गया ।

निरीक्षण के दौरान आगरा के सईया गेट पर राजस्थान से बिना रवन्ना व आईएसटीपी के कई वाहनों को पकड़ा गया और सम्बंधित के विरुद्ध कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। आगरा में स्वीकृति प्राप्त दो चेक गेट लगे नहीं पाए गए ,उन्हें तत्काल लगवाने के निर्देश दिए गए दिए ।

डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि चेकिंग अभियान का मकसद खनन व खनन परिवहन को सुव्यवस्थित कराना और लोगों को पर्याप्त मात्रा में उचित मूल्य पर खनिजों की उपलब्धता कराना है। बिना रवन्ना के और बिना टैग के खनन गाड़ियां न चलने पायें। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जो व्यवस्थाएं की गई हैं, उनमें यदि कोई खामी पाई गईं या जांच में जिला स्तर पर कोई लापरवाही की पुष्टि हुई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि खनन निकासी स्थल पर ही ओवरलोडिंग ना होने पाए, इसके लिए इंटीग्रेटेड माइनिंग सर्विलांस सिस्टम के अंतर्गत मोरम, बालू के प्रत्येक खदान स्थल पर कैमरा युक्त वे ब्रिज लगाए गए हैं। प्रत्येक जनपद में एम चेक ऐप युक्त आरएफआईडी हैंडहेल्ड रीडर भी उपलब्ध कराए गए हैं । ओवरलोडिंग से लम्बी रकम से बनाई गयी सड़कें भी क्षतिग्रस्त होती हैं और यातायात व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

अभियान के तहत 19 मई से चलाये जा रहे चेकिंग अभियान के तहत 9285 ट्रकों की चेकिंग की गई जिसमें बिना परिवहन प्रपत्र के 327 वाहन मिले। इसके अलावा 276 वाहन ओवरलोड मिले तथा प्रपत्र की वैधता समाप्त होने वाले 109 वाहन पकड़े गए।

खनन मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा । खदानों का डेली निरीक्षण कराने के भी निर्देश दिए हैं । वहीं चेकिंग के लिए गोपनीय टीमें भी गठित की गई हैं।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular