फिरोजाबाद(हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन भानु की महापंचायत में भाग लेने के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व कृषि मंत्री फिरोजाबाद पहुंच चुके हैं। उनका भाजपा विधायक व नेताओ ने गर्म जोशी से स्वागत किया।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही नारखी क्षेत्र के गांव ताजापुर स्थित जनता इंटर कालेज में अधिकारियों के साथ बैठक ले रहे हैं। इसके बाद वह एटा बार्डर के गांव इमलिया उम्मरगढ़ में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित किसान महापंचायत में भाग लेंगे। इस महापंचायत में यूपी के साथ-साथ आस-पास के राज्यों के किसान भी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर किसानों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। महापंचायत स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। आयोजन स्थल पर लगभग 70 बीघा भूमि पर टेंट लगाने के साथ करीब 40 बीघा में वाहनों की पार्किंग किए जाने की व्यवस्था की गई है। 20 बीघा भूमि पर विशाल मंच सजाया गया है। इस किसान महापंचायत में किसानों से जुड़ी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
