मेरठ (हि.स.)। मुजफ्फरनगर की किसान महापंचायत में रविवार को भाकियू नेता राकेश टिकैत ने जमकर सियासी तीर चलाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बाहरी बताते हुए कहा कि ये दोनों बाहरी लोग है। इन्हें उप्र से जाना होगा। मोदी-योगी और अमित शाह तीनों उत्तराखंड से चुनाव जीतें। इसमें हमें कोई ऐतराज नहीं है।
किसान महापंचायत के मंच से भाकियू नेता राकेश टिकैत ने कहा कि उप्र में दंगा करवाने लोग बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। 28 तारीख को 08 हजार की संख्या में पुलिस आंदोलन पर कब्जा करने की नीयत से आई थी। देश जनता के खड़े होने से आंदोलन बच पाया। अगर सरकार हमारी कब्रगाह वहां बनाएगी, तब भी हम गाजीपुर बॉर्डर को नहीं छोड़ेंगे। हम लाल किले पर नहीं गए थे। हमें धोखे से लाल किले ले जाया गया। सभी एजेंसियों के साथ ही कलम और कैमरे पर भी इनका पहरा लगा है। गन्ने का रेट 450 रुपए कुंतल होना चाहिए। फसलों पर एमएसपी की गारंटी चाहिए। 2022 से फसलों के रेट दोगुने होंगे। 01 जनवरी से किसान फसलों को दोगुने रेट पर बेचेंगे।
राकेश टिकैत ने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, संविधान खतरे में हैं। इन सभी को बचाना है। खेती, किसानी भी बिकने के कगार पर है। भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बनने पर इन्होंने 450 रुपए कुंतल रेट देने की बात कही थी। पुरानी सरकारों ने 50 से 80 रुपए कुंतल का रेट बढ़ाया, लेकिन योगी सरकार ने 01 रुपया भी नहीं बढ़ाया। चीनी मिलों पर 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है, लेकिन भुगतान नहीं कराया जा रहा। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की पेंशन खत्म की जा रही है। देश में निजीकरण से रोजगार खत्म होंगे।
