Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसान पंचायत का नाटक न करे विपक्ष, दूर नहीं है 2022 :...

किसान पंचायत का नाटक न करे विपक्ष, दूर नहीं है 2022 : केशव प्रसाद मौर्य

– प्रबुद्ध सम्मेलन की जगह जातीय सम्मेलन कर रही बसपा

– संस्कार के अनुरुप प्रधानमंत्री को अभद्र भाषा बोल रहे सपा विधायक

कानपुर (हि.स.)। भारत का किसान भारतीय जनता पार्टी के साथ है और किसान भली भांति जानता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों की आमदनी दोगुना करना चाहते हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार में चहुंओर विकास किया गया है, जिससे विपक्ष को पूर्ण विश्वास है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी हार सुनिश्चित है। इसी को देखते हुए किसान पंचायत का नाटक कर रहे हैं, लेकिन 2022 दूर नहीं है और 2014,17 और 19 की तरह 22 में भी इनको जनता नकारने जा रही है। यह बातें रविवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री और कानपुर के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर 12 बार किसानों से बातचीत कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों से एक फोन काल की दूरी पर हैं। किसान आंदोलन सही मायने में कोई मुद्दा नहीं है और भारतीय किसान भाजपा के साथ है। देश का किसान समझ रहा है कि विपक्ष किसानों के कंधों पर बंदूक चलाकर अपना हल निकालना चाहता है। कुल मिलाकर विपक्षी दलों का किसान पंचायत सिर्फ नाटक है अगर उनको जनता पर भरोसा है तो 2022 दूर नहीं है और जनता की अदालत में आयें। जनता अबकी बार फिर इनको नकारने जा रही है और भाजपा 313 से अधिक सीटें जीतकर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।

जातीय सम्मेलन कर रही बसपा

उप मुख्यमंत्री ने बसपा के प्रबुद्ध सम्मेलन पर भी कटाक्ष किया और कहा कि सम्मेलन में कौन पहुंच रहा है, यह प्रदेश की जनता देख रही है। प्रबुद्ध सम्मेलन सिर्फ भाजपा सबका साथ सबका विकास की नीति पर करती है। बसपा तो सिर्फ जातीय सम्मेलन कर रही है।

कोरोना की भांति दूर होगा डेंगू

शहर में बढ़ते डेंगू के मामलों को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना में उत्तर प्रदेश सरकार ने बेहतर कार्य किया। सरकार की कार्यशैली से महामारी पर रोक लगाई जा सकी और ऐसा ही कार्य डेंगू पर किया जा रहा है और जल्द ही इस पर काबू पाया जा सकेगा।

संस्कार के अनुरुप बोल रहे मनोज पाण्डेय

सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय का इन दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कार के अनुरुप मनोज पाण्डेय बोल रहे हैं। उनकी पार्टी में यही संस्कार दिया जाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular