आगरा (हि.स.)। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को किरावली कार्यकर्ता सम्मलेन में पहुंचे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने किसानों, नौजवानों और महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा पार्टी को घेरते हुए नौजवानों से जोश के साथ होश को न खोने की बात कही।
फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट के गठबंधन उम्मीदवार बृजेश चाहर के समर्थन में आयोजित किरावली कार्यकर्ता सम्मलेन में पहुंचे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भाजपा सरकार पर किसानों, नौजवानों और महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर हमला किया। उन्होंने नौजवानों से जोश के साथ होश को न खोने की बात कही।
कहा की कुछ लोग सत्ता हासिल करने के लिए झूठे वादे करते हैं, जिसके बाद जनता उन पर भरोसा करती है और वोट देती है। लेकिन सत्ता प्राप्ति के बाद जब सरकार काम नहीं करती तो लोग खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं।
श्री चौधरी ने स्वास्थ, चिकित्सा, सरकारी स्कूलों और कृषि बिल, जीएसटी और नोटबंदी को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। कहा की जीएसटी और नोटबंदी ने छोटे कारोबारियों खासकर किरावली के कारोबारियों की कमर तोड़ दी है।
जनता से वादा किया कि हमारी सरकार आने पर जनता सत्ता के केंद्र पर होगी। उन्होंने आलू किसानों को उचित मूल्य दिलाने, सरकार द्वारा आलू खरीद किये जाने और पीडीएस में आलू लाने का वाद किया। किसानों के साथ- साथ उन्होंने नौजवानों से भर्ती की उम्र बढ़ाने का वादा करते हुए महिला सुरक्षा का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने चौधरी चरण सिंह जी के नाम पर भाजपा सरकार द्वारा किसानों से किये गए झूठे वादों को भी याद दिलाते हुए कहा कि नेता ऐसा होना चाहिए जिसके अंदर भेदभाव की भावना न हो। नेता ऐसा हो जो सौ प्रतिशत को सौ ही समझे न की उसे अस्सी बीस में बांटे।
श्रीकांत/दीपक
