– पूरे प्रकरण की जांच कराकर किसानों पर लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
वाराणसी (हि.स.)। मोहनसराय ट्रांसपोर्ट नगर योजना की जमीन के सीमांकन का उग्र विरोध करने पर किसानों के ऊपर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया था। इस मामले में गुरुवार को सर्वदलीय नेताओं का एक प्रतिनिधि मंडल एडिशनल सीपी संतोष सिंह से मिला।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल नेताओं ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर किसानों पर लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और इसका ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बैरवन कन्नाडाड़ी में किसानों को जिस प्रकार मारा गया वो निंदनीय है। जो किसान मौके पर मौजूद नहीं थे उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के जूनियर इंजीनियर की तहरीर पर 16 नामजद और अज्ञात के खिलाफ रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रतिनिधि मंडल में पूर्व सांसद डॉ राजेश मिश्र, कांग्रेस के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, किसान संघर्ष समिति के विनय शंकर राय, संजीव सिंह, सपा महिला प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
ट्रांसपोर्ट नगर योजना की जमीन के सीमांकन पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। इस फैसले से वाराणसी विकास प्राधिकरण को तगड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना की जमीन के सीमांकन और लाठीचार्ज पर कड़ी टिप्पणी की और वीडीए को फटकार भी लगाई। उच्च न्यायालय में इस मामले की अगली सुनवाई 25 मई को होगी।
श्रीधर/मोहित
