Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसानों को भाया योगी सरकार का बजट, कैशलेस इलाज के प्रबंध से...

किसानों को भाया योगी सरकार का बजट, कैशलेस इलाज के प्रबंध से शिक्षक भी खुश

– किसानों ने कहा, फ्री सिंचाई से खेती को मिलेगा बढ़ावा

बलिया (हि.स.)। योगी 2.0 सरकार के पहले और अब तक के सबसे बड़े बजट में महिलाओं, किसानों और युवाओं पर अधिक फोकस किए जाने का हर वर्ग ने स्वागत किया है। फ्री सिंचाई के लक्ष्य को हासिल करने की घोषणा किसानों को भा रही है। वहीं, कैशलेस इलाज के लिए सौ करोड़ की राशि का प्रावधान किए जाने से शिक्षक और कर्मचारी भी खुश नजर आए।

विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल कर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दोबारा बनी सरकार के पहले बजट में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने हर वर्ग को खुश करने का पूरा प्रयास किया है। गुरुवार को विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा पेश योगी 2.0 सरकार के पहले बजट में किए गए प्रावधान से लग रहा है कि लोक कल्याण संकल्प पत्र के वादों पर खरा उतरने की दिशा में ने कदम बढ़ा दिए गए हैं।

दौलतपुर निवासी किसान संतोष सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस तरह से किसानों को फ्री सिंचाई और फ्री सोलर पैनल देने को लेकर बजट में घोषणा की गई है, वह स्वागत योग्य है। प्राइवेट ट्यूबवेल में बिल में आधा छूट दिए जाने से किसानों को सहूलियत होगी। धान और गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने से भी किसान खुश हैं। सोहांव विकास खंड के कथिरया निवासी संजय सिंह ने बजट में बुंदेलखंड में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के निर्णय का भी स्वागत करते हुए कहा कि पूर्वांचल में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की योजनाएं शुरू होनी चाहिए।

रोजगार सर्वेक्षण के निर्णय से छात्र खुश

टीडी कालेज के छात्र संघ अध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि छात्रों के लिए अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था किए जाने से युवा वर्ग में खुशी की लहर है। एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने का निर्णय हो या रोजगार के लिए सर्वेक्षण कराना हो, इससे युवा वर्ग खुश है। कहाकि हर जिले में खेलो इंडिया सेंटर्स खोले जाने के निर्णय और प्रयागराज में लॉ विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय स्वागतयोग्य है। उधर, शहर के आनंद नगर निवासी घेरलू काम कर जीवन यापन करने वाली मंजू देवी को जब जानकारी हुई कि बजट में गरीब कन्याओं की शादी के लिए 51 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके लिए बजट में छह सौ करोड़ की धनराशि का प्रबंध किया गया है तो उन्होंने खुशी जाहिर की। कहा कि अब हमारे जैसे लोगों की बेटियों की शादी में भविष्य में भी कोई अड़चन नहीं आएगी। क्योंकि योगी जी ने पैसे का पर्याप्त प्रबंध कर दिया है।

पंकज राय

RELATED ARTICLES

Most Popular