कानपुर (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) आठ अक्टूबर से तीन दिवसीय कृषि मेला का आयोजन करने जा रहा है। मेले में आने वाले किसानों को कृषि से जुड़ी तकनीकि जानकारी दी जाएगी।
सीएसए के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बुधवार को इस संबंध में बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर आनंद कुमार सिंह ने मेले और प्रदर्शनी को लेकर की जा रही तैयारियों को लेकर मंगलवार देर शाम एक समीक्षा बैठक की।
इस दौरान उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि उद्योग से जुड़े जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि सभी लोग प्रदर्शनी में लगने वाले यंत्रों या उपकरणों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए किसानों से सरल भाषा का प्रयोग करें। जिससे किसान जानकारी का आसानी से उपयोग कर सकें। मेले के दौरान कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिदिन कृषक संगोष्ठी एवं चौपाल का भी आयोजन होगा। इसमें कृषि वैज्ञानिक किसानों को नवीनतम जानकारी से लाभान्वित करें।
बैठक में प्रमुख रूप से डॉ. पीके उपाध्याय, डॉ. सीएल मौर्य, डॉ. मुक्ता गर्ग, डॉ. डीपी सिंह और डॉ.राम बटुक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राम बहादुर/राजेश
