Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसानों को खाद की जगह मिल रही है पुलिस की लाठी

किसानों को खाद की जगह मिल रही है पुलिस की लाठी

खाद की समस्या को लेकर जिलाधिकारी से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

कानपुर (हि.स.)। रवी फसल की बुवाई इन दिनों जोरों पर है और किसानों को डीएपी खाद की जरुरत है। इसको लेकर किसान दिन रात लाइन में लगने को मजबूर है क्योंकि उन्हे खाद मिल ही नहीं पा रही है। लाइन में लगने के दौरान खाद की जगह पुलिस की गाली और लाठियां खानी पड़ रही है। भाजपा सरकार में किसानों की बराबर अनदेखी हो रही है जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। यह बातें बुधवार को जिलाधिकारी से मिलने के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने कही।

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की किसान विरोधी नीतियों और दूरदर्शिता की कमी के कारण प्रदेश का किसान बुवाई के महत्वपूर्ण समय पर सुबह से शाम तक भूखा-प्यासा खाद वितरण केंद्रों के बाहर लाइन में खड़ा है। वहां पर उसे खाद की जगह पुलिस की गाली और लाठी मिल रही है। किसानों की आवाज को गूंगी-बहरी योगी सरकार तक पहुंचाने के लिए पूरे प्रदेश में प्रियंका गांधी के आवाहन पर धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। इसी कड़ी में शहर कांग्रेस कमेटी कानपुर दक्षिण के अध्यक्ष डॉ शैलेन्द्र दीक्षित के नेतृत्व में दक्षिण के कांग्रेसजनों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान दक्षिण अध्यक्ष डॉ दीक्षित ने कहा कि बुवाई के समय सरकार की गलत नीतियों के कारण खाद वितरण केंद्रों से डीएपी गायब है। किसान अपने खेतों की जगह डीएपी के लिए खाद विक्रय केंद्रों पर दिन-रात भूखा-प्यासा लाइन में लगा है। तमाम जगहों पर भूख-प्यास से खाद की लाइन में ही किसानों ने अपना दम तोड़ दिया, कुछ जगहों पर खाद न मिल पाने के कारण किसानों ने आत्महत्या तक कर ली। इससे योगी सरकार की किसानों के प्रति असंवेदनशीलता साफ दिखाई देती है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से निवेदन किया कि जल्द ही खाद की किल्लत को दूर कराया जाए और सुलभता से प्रत्येक किसान को उसकी आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराई जाए। डॉ दीक्षित ने कहा कि यदि जल्द ही खाद की समस्या दूर न की गई तो प्रदेश व्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस दौरान अवनीश सलूजा, प्रवीन द्विवेदी, डॉ०निसार अहमद, विवेक सिंह, राजीव द्विवेदी, हर्षित सिंह, कुनाल सिंह, बी०के० सिंह, तौकीर आलम, विनोद सिंह, डॉ०आर० के जगत, अनिकेत श्रीवास्तव, प्रमोद जायसवाल, आमोद त्रिपाठी, अमित मिश्रा, बिन्नू रावत, ओ०पी०सिंह आदि लोग मौजूद रहें।

RELATED ARTICLES

Most Popular