मेरठ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना को हमें भूलना नहीं है, बल्कि प्रदेश में रालोद की सरकार बनवाकर इसका बदला लेना है। किसानों को कुचलने वाले आतंकवादी है।
2022 के विधानसभा चुनावों को लेकर रालोद ने आक्रामक चुनाव -प्रचार शुरू कर दिया है। सोमवार को मुजफ्फरनगर जनपद में बुढ़ाना कस्बे के डीएवी इंटर कॉलेज में आशीर्वाद पथसभा का आयोजन किया गया। रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना को भूलना नहीं है। हमारी लिए शहादत देने वाले किसानों के नाम याद रखो। चुनाव में जब छिपे चेहरे वोट मांगने आए तो उन्हें शहीदों के नाम बताकर लखीमपुर खीरी की घटना को याद दिलाना है। जयंत चौधरी ने किसानों को कुचलने वालों को आतंकवादी करार दिया और उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करके रालोद सरकार बनाकर बदला लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार किसानों को छह हजार रुपए दे रही है, लेकिन रालोद सरकार बनने पर 12 हजार रुपए और सीमांत किसानों को 15 हजार रुपए सालाना देंगे।
श्रालोद मुखिया ने कहा कि 31 अक्टूबर को रालोद का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जाएगा। किसानों को बकाया गन्ना भुगतान दिलाया जाएगा। पंचायती राज कानून के तहत पंचायतों को सभी अधिकार दिए जाएंगे। पश्चिम उप्र के साथ-साथ बुंदेलखंड में भी हाईकोर्ट बेंच की स्थापना होगी। केंद्र सरकार पर करारे प्रहार करते हुए जयंत ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों की रिमोट कंट्रोल सरकार है तो योगी सरकार बिना कंट्रोल की सरकार है। महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। इस दौरान रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, डॉ. राजकुमार सांगवान, यशवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
