वाराणसी(हि.स.)। केन्द्रीय कृषि कानूनों के विरोध में लगातार दस माह से धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों और उनके घोषित भारत बंद के समर्थन में सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कचहरी शास्त्रीघाट पर धरना दिया।
धरना में शामिल कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि इस बंद का दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक असर है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शशिप्रताप सिंह ने कहा कि किसान ही धरती के असली भगवान है, अन्न देवता हैं। उनकी मांग को सरकार को मनाना चाहिए। पिछले 10 महीनों से किसान भाई धरना दे रहे है लेकिन हिटलर शाही पर उतरी सरकार कुछ सुनने को तैयार नही है। अन्नदाताओं से नाराजगी प्रदेश के विधानसभा चुनाव में महंगा पडेगा। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। धरना में नित्यानंद पांडेय, राकेश कुमार गोंड़, छोटेलाल बनारसी, बिजेंद्र पाल आदि शामिल रहे।
