Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसानों के इंकलाब से होगा उप्र में बदलाव: अखिलेश यादव

किसानों के इंकलाब से होगा उप्र में बदलाव: अखिलेश यादव

मुजफ्फरनगर (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को मुजफ्फरनगर के बुढाना में कश्यप महासम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि उप्र में पुलिस हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें हो रही है। योगी सरकार में प्रदेश के लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। सपा पूरी तरह से किसानों के साथ है। 2022 में किसानों के इंकलाब के कारण उप्र में बदलाव होगा।

बुढाना में आयोजित कश्यप महासम्मेलन में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ठोको नीति पर काम कर रही है। भाजपा के राज में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते हैं कि पलायन हो गया। जबकि अगर मुख्यमंत्री योगी का उत्तराखंड से पलायन ना हुआ होता तो हमारे पांच साल खराब नहीं होते। प्रदेश में सपा सरकार बनते ही पिछड़े वर्ग के लोगों की गिनती कराई जाएगी। भाजपा सरकार में बिजली, खाद बहुत महंगे हो गए है। सपा सरकार बनने पर सिंचाई पूरी तरह से मुफ्त होगी। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि योगी कहते रहते हैं कि राज्य में कानून व्यवस्था अच्छी है, लेकिन भाजपा सरकार में निर्दोष लोग मारे गए हैं। इसके कई उदाहरण मैं दे सकता हूं। प्रदेश की जनता ने इस बार बदलाव का मूड बना लिया है और प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। कश्यप समाज के लोगों ने अखिलेश यादव को आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिस पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर सपा इन्हें पूरा करेगी। सपा का चुनावी गठबंधन होने जा रहा है। सपा सभी वर्गों और सभी दलों को जोडने का काम कर रही है। उन्होंने कृषि कानूनों को किसानों की जमीनों पर पूंजीपतियों के कब्जे का माध्यम बताया और इसका हर स्तर पर विरोध करने की बात कही। सम्मेलन में पूर्व मंत्री स्वामी ओमवेश, सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, एमएलसी राजकुमार कश्यप, सुधाकर कश्यप, अतुल प्रधान, राजपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular