Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसानों की समृद्धि के लिए कार्य कर रही केन्द्र- राज्य सरकार :...

किसानों की समृद्धि के लिए कार्य कर रही केन्द्र- राज्य सरकार : योगी आदित्यनाथ

-मुख्यमंत्री ने किसानों को किया सम्मानित, एफपीओ की प्रदर्शनी का भी किया शुभारम्भ

-पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाया जा रहा

लखनऊ (हि.स.)। किसान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और कृषि उद्यमियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारम्भ भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि आजादी के बाद चौधरी साहब ने स्पष्ट कर दिया था कि कृषि और किसानों की तरक्की के साथ ही भारत आगे बढ़ सकता है। किसान की समृद्धि ही भारत की समृद्धि होगी। उन्होंने अपना पूरा जीवन कृषि क्षेत्र को समर्पित कर दिया। वह जो चाहते थे, आज की भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और उप्र सरकार कार्य कर रही है।

योगी ने कहा कि प्रधान मंत्री मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर करने का सपना देखा है। इसके लिए उप्र को एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी वाला राज्य बनना होगा। यह तभी सम्भव होगा जब कृषि क्षेत्र का विकास हो। हमारी सरकार इस दिशा में कई कार्य कर रही है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक एकड़ की खेती में किसान को 15 हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। प्राकृतिक खेती करने पर यह खर्च केवल एक हजार रुपये रह जाएगा। बुंदेलखण्ड के सभी जिलों में प्राकृतिक खेती को शुरू कराया गया है। इस मौके पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दिनेश प्रताप सिंह, बलदेव सिंह औलख के अलावा अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी समेत शासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular