Wednesday, March 4, 2026
Homeमंडलअयोध्या मंडलकिसानों की समस्या को लेकर सपाइयों ने किया धरना प्रदर्शन

किसानों की समस्या को लेकर सपाइयों ने किया धरना प्रदर्शन

-एसडीएम को सौंपा सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन

अयोध्या (हि. स.)। सपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने समाजवादी पार्टी के बैनर तले मिल्कीपुर तहसील परिसर में विशाल धरना प्रदर्शन कर किसानों की समस्याओं को लेकर सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मिल्कीपुर तहसील परिसर में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री व मिल्कीपुर विधायक अवधेश प्रसाद के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी बैनर तले समस्याओं को लेकर धरना दिया।

धरने का संचालन यदुनाथ यादव द्वारा किया गया। प्रदेश में सूखे का घोर संकट है, जिसमें जनपद अयोध्या का विधानसभा क्षेत्र मिल्कीपुर भी शामिल है। किसानों की फसल बरसात न होने से कहीं 5 फ़ीसदी, कहीं 10 फीसदी, कहीं 15 फ़ीसदी पूरे क्षेत्र में 40 फ़ीसदी से ज्यादा धान की रोपाई नहीं हो पाई है और जो रोपाई हुई है उन्हें साड़ो और छुट्टा आवारा पशुओं द्वारा चर कर समाप्त कर दी जा रही है। क्षेत्र में 80 फीसदी से ज्यादा राजकीय नलकूप बंद पड़े हैं। जिनके ट्रांसफार्मर जलने पर महीनों महीनों तक नहीं बदला जा रहा है।

गांवों में पेयजल का घोर संकट है। जानवर व पशु पक्षियों के लिए तालाबों में पानी नहीं है। पानी का जलस्तर नीचे चला गया है। धरने को संबोधित करते हुए विधायक अवधेश प्रसाद ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह से गूंगी बहरी हो चुकी है। सरकार केवल हिंदू-मुस्लिम का राग अलापते हुए लोगों को गुमराह कर रही है और उन्हें आमजन की समस्या से कोई लेना-देना नहीं रह गया है।

पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular