बागपत(हि.स.)। रालोद महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रेणु तोमर ने कहा कि सरकार के नुमाइंदे किसानों की आवाज दबाने के काम में लगे हैं। किसानों के आंदोलन को दबाने के नायाब तरीके आजमाए जा रहे हैं, लेकिन किसान किसी से दबने वाले नहीं है।
तहसील बड़ौत क्षेत्र में रालोद महिला प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रेणु तोमर ने गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकार वार्ता की। जिलाध्यक्ष रेणु तोमर ने कहा कि सरकार ने किसानों का उत्पीड़न और उनके आंदोलन को कुचलने के लिए नया तरीका ढूंढ निकाला है। अब सरकार के नुमाइंदे गाड़ियां चढ़ाकर प्रदर्शनकारी किसानों की आवाज दबाने की प्रयास कर रहे हैं। सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने वालों पर फर्जी मुकदमें लगाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। अब रालोद यह अन्याय नहीं सहेगा और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। महिला मोर्चा ने रणनीति तैयार कर ली है, अब सरकार के खिलाफ मोर्चाबंदी की जाएगी। रालोद की आशीर्वाद पद यात्रा पर उन्होंने कहा कि इसको लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहे है। 28 अक्टूबर को रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधर जयंत सिंह की बड़ौत शहर में विशाल जनसभा आयोजित कराई जाएगी, जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
