Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसानों का डीएमई के काशी टोल प्लाजा पर हंगामा, चुनाव बहिष्कार की...

किसानों का डीएमई के काशी टोल प्लाजा पर हंगामा, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

मेरठ (हि.स.)। परतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर काशी टोल प्लाजा पर शुक्रवार को किसानों ने जमकर हंगामा किया। किसानों ने विकास कार्य नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार करने और हंगामा-प्रदर्शन की चेतावनी दी।

काशी, अच्छरोंडा, बहादरपुर, सोलाना आदि गांवों के किसानों ने शुक्रवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के काशी टोल प्लाजा पर इकट्ठा होकर हंगामा किया। किसानों ने आरोप लगाया कि एनएचएआई अधिकारियों ने खेतों पर जाने के लिए हाईवे के नजदीक से सर्विस रोड देकर उस पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का वादा किया था। 4 साल बीत जाने के बाद भी सर्विस रोड पर न नाली बनाई गई और न ही इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई गई। इस कारण दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से बारिश का पानी सर्विस रोड पर पहुंच जाता है और वहां कीचड़ हो जाता है। टोल प्लाजा के पास टॉयलेट का पानी भी एनएचएआई अधिकारियों ने किसानों के रास्ते पर खोल दिया जिस कारण वहां हर वक्त जलभराव रहता है। इससे किसानों को वहां से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। गन्ना ले जाने में भी किसानों को दिक्कत हो रही है।

किसानों ने कहा कि सोमवार तक इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम शुरू नहीं नहीं होने पर भाकियू के बैनर तले काशी टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही 2022 के विधानसभा चुनावों का बहिष्कार भी होगा।

हंगामा देखकर एनएचएआई के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने 24 घंटे में सर्विस रोड पर मेंटेनेंस का काम शुरू करने और पानी की निकासी कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने हंगामा बंद कर दिया। इस मौके पर सतीश कुमार, संजय चपराणा, मनोहर सिंह, सुंदर कुमार, सुबोध, अजय, नितिन, विनीत, जितेंद्र आदि उपस्थित रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular