Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिदवई नगर के बाजार में लगी आग, छह दुकानें जलकर राख

किदवई नगर के बाजार में लगी आग, छह दुकानें जलकर राख

कानपुर (हि.स.)। किदवई नगर थाना क्षेत्र के एक बाजार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इस कदर विकराल रूप धारण कर लिया कि आग को बुझा रहे लोगों के पसीने छूट गये। अग्निशमन की छह गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छह दुकानें जलकर राख हो गई थीं और दुकानों पर रखा लाखों का सामान जलकर स्वाहा हो गया।

किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थित 40 दुकान मार्केट के नाम से बाजार है। यहां पर गारमेंट्स, गिफ्ट शॉप समेत कई प्रकार की दुकानें हैं। बाजार में अचानक लग गई और एक दुकान से दूसरी दुकान में आग की लपटे बढ़ने लगी। आधा दर्जन दुकानों में आग की लपटें निकलती देख आस पड़ोस के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घरों से निकलकर लोग बाहर सड़क पर एकत्र हो गए। आग बढ़ती देख लोगों ने आसपास की दुकान के मालिकों को सूचित किया। देखते ही देखते आग विकराल हो उठी। लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बेकाबू होते देख दमकल और पुलिस को सूचना दी गई। कुछ देर में फायर स्टेशन से छह दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक कई दुकानें आग की चपेट में आ गई थीं। इससे अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों के माल का नुकसान होने की बात कही जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular