Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिचन गार्डन में उगी सब्जियों के प्रयोग से व्यवस्थित रहता है घर...

किचन गार्डन में उगी सब्जियों के प्रयोग से व्यवस्थित रहता है घर का बजट : डा. अशोक कुमार

जैव संवर्धित गांव अनूपपुर में स्मार्ट न्यूट्री किचन गार्डन के लिए टमाटर की पौध का वितरण

कानपुर (हि.स.)। भोजन में सब्जियों का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिये। घर के बजट पर अधिक बोझ न पड़े इसके लिए किचन गार्डन को बनाया जाये। किचन गार्डन में उगी सब्जियों के प्रयोग से घर का बजट व्यवस्थित रहता है और सब्जियां सस्ती और अच्छी रहती हैं। इसके साथ ही परिवार के सभी सदस्यों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। यह बातें शनिवार को सीएसए के वैज्ञानिक डा. अशोक कुमार ने कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर डीआर सिंह के निर्देश के क्रम में विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए जैव संवर्धित गांव अनूपपुर में शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र दलीपनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार के नेतृत्व में कृषि वैज्ञानिकों ने स्मार्ट न्यूट्री किचन गार्डन के लिए टमाटर की पौध नि:शुल्क वितरित की गई। डा. अशोक कुमार ने बताया कि बागवानी करने से तनाव कम रहता है और मन में सकारात्मक परिवर्तन आ जाता है। घर में किचन गार्डन होने से कीड़े मकोड़े कम होते हैं। क्योंकि खाली भूमि का सदुपयोग हो जाता है।

केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ खलील खान ने बताया कि साग सब्जियों का हमारे दैनिक आहार में विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इनमें विटामिन, खनिज लवण, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन व एंटी ऑक्सीडेंट महत्वपूर्ण स्रोत होते हैं। डॉक्टर खान ने कहा कि संतुलित भोजन के लिए वयस्क व्यक्ति को 300 ग्राम सब्जियां एवं 85 ग्राम फलों का सेवन प्रतिदिन करना चाहिए। जिसमें लगभग 125 ग्राम हरी पत्तेदार सब्जियां एवं 100 ग्राम जड़ वाली सब्जियां तथा 75 ग्राम अन्य प्रकार की सब्जियों का सेवन करना चाहिए।उन्होंने कहा कि गर्भवती महिला एवं अधिक क्रियाशील व्यक्ति को 50 ग्राम अधिक हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करना चाहिए।

महमूद

RELATED ARTICLES

Most Popular