वाराणसी (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सेन्ट्रल हिन्दू स्कूल में ई-लॉटरी सिस्टम से प्रवेश के विरोध में गुरुवार को आम आदमी पार्टी बीएचयू इकाई से जुड़े छात्रों ने विश्वविद्यालय के केन्द्रीय कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
धरने में शामिल छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पहले की तरह प्रवेश परीक्षा की व्यवस्था बहाल होनी चाहिए। ई-लॉटरी व्यवस्था से प्रतिभा का गला घोंटा जा रहा है। धरने में शामिल युवा संघर्ष समिति के सदस्यों ने भी विरोध जताया।
सदस्यों ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 29 के तहत शिक्षा हमारा अधिकार है। साथ ही अनुच्छेद 51(ए) में दिए गए 11 मूल कर्तव्य में भी शिक्षा की बात कही गई है। भारत के हर वर्ग जाति का बच्चे को 8 वर्ष से लेकर 14 वर्ष तक नि:शुल्क शिक्षा दिलाना राज्य सरकार का काम है। सीएचएस में ई-लॉटरी सिस्टम से कक्षा 09 और 11 में प्रवेश कराकर मेधावी बच्चों का प्रवेश रोका जा रहा। विरोध प्रदर्शन् की जानकारी पर प्राक्टोरियल बोर्ड के जवान और अफसर भी वहां पहुंच गये।
प्रॉक्टर डॉ. धीरेंद्र राय ने पहले छात्रों को केन्द्रीय कार्यालय के गेट पर से हटने के लिए समझाया। नहीं मानने पर सुरक्षा गार्डो ने छात्रों को वहां से जबरन हटा दिया। प्रदर्शन के बाद छात्रों और कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का ज्ञापन प्रॉक्टर को सौंपा और उचित कार्यवाही की मांग की।
श्रीधर
