Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकासगंज : हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से दो सगे भाइयों...

कासगंज : हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से दो सगे भाइयों की मौत

कासगंज । जिले में रविवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव मगथरा में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कासगंज में हाईटेंशन लाइन टूटने की दुर्घटना में लोगों की दुःखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को प्रति मृतक परिवार 05 लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा अपर मुख्य सचिव ऊर्जा को तकाल प्रकरण की जांच करने के लिए निर्देशित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक गांव मगथरा निवासी मानवेंद्र एवं कृष्ण वीर पुत्र मलखान सिंह और पवन कुमार पुत्र प्रदीप कुमार खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली में चिकोरी (कॉफी में इस्तेमाल होने वाला पदार्थ) भर रहे थे, तभी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया। करंट लगने से मानवेंद्र और कृष्ण वीर की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि पवन कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक भाइयों के पिता पिता मलखान सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9ः30 बजे उनके दोनों पुत्र खेत में ट्रॉली में चिकोरी भर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि लगभग छह महीने पूर्व इसी गांव में सपना पुत्री कालीचरन की मौत भी हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से गई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular