कासगंज (हि.स.)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जनपद में आरक्षण की सूची तैयार कर दी गई है। आपत्तियां आ चुकी हैं। जिन पर विचार करने का काम जारी है। 15 मार्च को आरक्षण की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
पंचायत चुनाव में विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों के माथे पर आरक्षण को लेकर चिन्ता का भाव है। इन दिनों प्रशासन भी आरक्षण का खाका खींच चुका है, लेकिन आपत्तियों के बाद प्रशासन इन पर विचार कर रहा है। जिले की 23 जिला पंचायत सदस्य, 423 ग्राम पंचायत, 579 वीडीसी, 5421 ग्राम सभा सदस्य एवं 07 क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद सृजित हैं। जिनमें जनसंख्या के अवरोही क्रम एवं चक्रानुक्रम के अनुरूप आरक्षण किया गया है। फिर भी जिले से विभिन्न पदों को लेकर 557 दावे आपत्तियां दावेदारों द्वारा प्रस्तुत की गई इन पर विचार किया जा रहा है।
आगामी 13 मार्च को दावे आपत्तियों के निस्तारण का कार्य पूर्ण हो जाएगा। डीएम के अनुमोदन के बाद लिस्ट शासन को भेजी जाएगी। 15 मार्च को आरक्षण की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
क्या कहते हैं डीपीआरओ
डीपीआरओ एसके सिंह का कहना है कि आरक्षण तैयार किया गया था। इसके बाद दावे आपत्तियां आई हैं। आपत्तियों पर विचार करने को कमेटी बनाई गई है। डीएम कमेटी के अध्यक्ष हैं। 2 दिन में कार्य पूरा होते ही, अनुमोदन के बाद सूची शासन को भेजकर स्वीकृति मिलते ही अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
