Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकासगंज में भाजपा एवं सपा ने घोषित किए प्रत्याशी, अन्य दलों में...

कासगंज में भाजपा एवं सपा ने घोषित किए प्रत्याशी, अन्य दलों में रस्साकशी जारी

कासगंज(हि.स.)। जिले की सदर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी एवं समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के नामों का खुलासा कर दिया है। जबकि अन्य राजनैतिक दल अभी तक मौन बने हुए हैं। इन दलों में प्रत्याशी के चयन को लेकर रस्साकशी जारी है। जिले के अन्य दो विधानसभा क्षेत्रों अमांपुर एवं पटियाली में बसपा छोड़कर किसी भी दल ने अभी तक अपने प्रत्याशी का खुलासा नहीं किया है। संभावित प्रत्याशियों को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है।

जिले में तीसरे चरण का विधानसभा चुनाव होना है। 25 जनवरी से अधिसूचना जारी हो जाएगी नामांकन प्रारंभ होंगे। जबकि अभी तक विभिन्न राजनीतिक दलों ने जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशियों का खुलासा नहीं किया है। कासगंज सदर पर भारतीय जनता पार्टी ने मौजूदा विधायक देवेंद्र राजपूत को अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि समाजवादी पार्टी ने पूर्व राज्य मंत्री मानपाल सिंह को हरी झंडी दी है। इनके नाम घोषित होने के बाद बहुजन समाज पार्टी एवं कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।

दोनों ही दलों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर रस्साकशी जारी है। इधर पटियाली पर बसपा ने प्रोफेसर नीरज मिश्रा को अपना प्रत्याशी बनाया है। अन्य राजनीतिक दल अभी अपने प्रत्याशियों को तय नहीं कर पा रहे हैं। अमापुर विधानसभा क्षेत्र से बसपा ने सुभाष शाक्य को चुनाव मैदान में उतारा है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बसपा को छोड़कर किसी भी राजनीतिक दल ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशी का खुलासा नहीं किया है। जिसे लेकर क्षेत्रीय लोगों में जोरदार चर्चा बनी हुई है। क्षेत्रीय लोग प्रत्याशियों को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।

प्रत्याशियों को लेकर व्यक्त की जा रही हैं यह संभावनाएं

कासगंज विधानसभा पर भले ही भाजपा और सपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं लेकिन पटियाली एवं अमापुर में बसपा को छोड़कर किसी भी राजनीतिक दल ने प्रत्याशियों को चयन नहीं किया है। इसे लेकर चर्चाएं हैं। पटियाली पर भाजपा से मौजूदा विधायक ममतेश शाक्य को पार्टी द्वारा प्राथमिकता दिए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। सपा से किरण यादव या फिर सहावर नगर पंचायत की अध्यक्ष जाहिदा सुल्तान एवं कांग्रेस से इमरान अली एवं पार्टी के जिलाध्यक्ष की पत्नी अमरीन खान को प्रत्याशी बनाया जा सकता है।

अमापुर पर पूर्व विधायक ओंकार सिंह के पुत्र बृजेश वर्मा एवं हाल में ही विधायक रहे देवेंद्र प्रताप की पत्नी बीना देवी को भाजपा से प्राथमिकता मिल सकती है। यहां समाजवादी पार्टी एवं महान दल के गठबंधन को लेकर चर्चा की जा रही है। महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य की पत्नी सुमन शाक्य गठबंधन की अधिकृत प्रत्याशी हो सकती हैं। जबकि कांग्रेस राजेंद्र कश्यप अथवा दिव्या शर्मा को हरी झंडी दे सकती है।

पुष्पेंद्र

RELATED ARTICLES

Most Popular