कासगंज (हि.स.)। जिले की सोरों कोतवाली के एक गांव मे विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मायके पक्ष ने ससुराली जनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव अंत्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम श्यामसर मे शनिवार की सुबह विजेंद्र की पत्नी लाली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। दोपहर को उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे लाली के पिता कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम मानपुर नगरिया निवासी छोटेलाल ने बताया है कि उसने 03 माह पूर्व ही उसका विवाह किया था। गृहक्लेश एवं दहेज उत्पीड़न के चलते उसकी पुत्री को ससुराली जनों ने मौत के घाट उतार दिया है। मृतका के पिता ने जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
इंस्पेक्टर डीके सिसोदिया का कहना है कि घटना के संबंध में दोपहर बाद तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्यवाही की जाएगी।
पुष्पेंद्र
