Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकाशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण के पहले एक दिसम्बर से शहर में सांस्कृतिक...

काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण के पहले एक दिसम्बर से शहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने “भव्य काशी दिव्य काशी” के तहत होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को जांचा, दिया निर्देश

वाराणसी (हि.स.)। श्री काशी विश्वनाथ धाम यात्रा के तहत “भव्य काशी दिव्य काशी” कार्यक्रम में पूरे शहर में जगह—जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने की प्रशासनिक तैयारी शुरू हो गई है। संस्कृतिक विभाग की ओर सें नगर के सभी प्रमुख मंदिरों एवं शिवालयों में सायं 05 से 07 बजे तक भजन कीर्तन कराने की व्यवस्था की गई है। शिक्षा विभाग काशी के विकास यात्रा से संबंधित विभिन्न विद्यालयों में रंगोली, पेंटिंग, डिबेट व क्विज प्रतियोगिता आयोजित करेगा।

सोमवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने अपने कैंप कार्यालय सभागार में कार्यक्रम के तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण के अवसर पर 13 दिसम्बर से 14 जनवरी तक “भव्य काशी दिव्य काशी” के क्रम में 01 से 10 दिसम्बर तक जनपद के विभिन्न स्थानों पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग के तत्वावधान में 01 दिसम्बर को चिंता हरण गणेश सोनारपुरा, बड़ा गणेश लोहटिया, 02 दिसम्बर को विष्णु मंदिर ललिता घाट व बृहस्पति मंदिर दशाश्वमेध, 03 दिसम्बर को शीतला मंदिर शीतला घाट व शैलपुत्री देवी सरैया, 04 दिसम्बर को राम मंदिर खोजवा व राम मंदिर चौक, 05 दिसम्बर को बटुक भैरव कमच्छा व काल भैरव मंदिर, 06 दिसम्बर को मृत्युंजय महादेव मंदिर दारानगर व केदारनाथ मंदिर केदार घाट, 07 दिसम्बर को बनकटी हनुमान मंदिर आनंद पार्क व कौड़िया माई मंदिर कबीर नगर, 08 दिसम्बर को गोपाल मंदिर चौखंभा व संकठा मंदिर चौक, 09 दिसम्बर को कर्दमेश्वर महादेव मंदिर कंदवा व गैबीश्वर मंदिर छोटी गैबी, 10 दिसम्बर को अन्नपूर्णा मंदिर विश्वनाथ धाम व आदिकेश्वर मंदिर राजघाट तथा 11 दिसम्बर को दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर तथा संकट मोचन मंदिर में भव्य भजन कीर्तन कार्यक्रम सायं 5 से 7 तक होगा।

इसके अलावा शिक्षा विभाग द्वारा 01 दिसम्बर को अस्सी घाट पर रंगोली प्रतियोगिता, 02 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया में मतदाता जागरूकता पर स्लोगन प्रतियोगिता, 03 को अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में प्राचीन भारतीय सांस्कृतिक धरोहर विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता, 04 को राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में सोशल नेटवर्किंग साइट वरदान या अभिशाप विषय पर डिबेट व काशी का इतिहास विषय पर क्विज प्रतियोगिता, 06 दिसम्बर को आर्य महिला इंटर कॉलेज में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

शिक्षा विभाग की ओर से 01 दिसम्बर को वाद विवाद प्रतियोगिता, 02 को निबंध प्रतियोगिता, 03 को रंगोली प्रतियोगिता, 04 को चित्रकला प्रतियोगिता, 06 को शिव-पार्वती पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 07 को श्लोक वाचन कविता, 08 को नुक्कड़ नाटक, 09 को स्कूल स्तर पर शिव झांकी, 10 दिसम्बर को अंताक्षरी, दोहा, चौपाई श्लोक आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। शिक्षा विभाग द्वारा प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यालय स्तर, न्याय पंचायत स्तर, ब्लॉक स्तर एवं जनपद स्तर पर किया जाएगा तथा तत्पश्चात विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल, नगर आयुक्त प्रणय सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular