-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बोले-देश में गुजरात नहीं, छत्तीसगढ़ विकास मॉडल की जरूरत
वाराणसी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को केन्द्र और प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र में स्थित अति प्राचीन अन्नपूर्णा मंदिर को बाबा विश्वनाथ दरबार से अलग करने का दुर्भाग्यपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। काशी विश्वनाथ धाम बनाने के समय मां अन्नपूर्णा मंदिर की तरफ भव्य गेट बनाने का वादा किया गया था। इसके विपरीत, वर्तमान में सिर्फ तीन फीट का रास्ता छोड़ा गया है। इस कार्य से अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी बेहद दुखी है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मलदहिया क्षेत्र स्थित एक होटल में पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि काशी की प्राचीन परंपरा रही है कि जो भी बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार में दर्शन के लिए आता है, वह मां अन्नपूर्णा का दर्शन जरूर करता है। लेकिन इस भाजपा सरकार ने विश्वनाथ धाम का निर्माण करके बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णेश्वरी के बीच ही बंटवारा कर दिया ।
मुख्यमंत्री बघेल ने कॉरिडोर बनाने के दौरान 100 से ज्यादा मंदिर तोड़ने, नये अन्नपूर्णा मंदिर की स्थापना, पुराने परिसर के व्यवसायियों के विस्थापन मामले को भी उठाया। उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के सरकार के वादे पर तंज कसते हुए कहा कि आज रबी की फसल बुवाई का समय है, लेकिन खाद की कमी है। उन्होंने दावा किया कि देश में गुजरात नहीं छत्तीसगढ़ विकास मॉडल की जरूरत है। छत्तीसगढ़ सरकार ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के वादे के अनुरूप किसानों को सबसे ज्यादा समर्थन मूल्य दिए। यहां तक कि दो रुपये किलो के हिसाब से गोबर की खरीद की। गोबर बेचकर हमारे यहां किसान हवाई यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो बिजली का बिल आधा, किसानों को धान का समर्थन मूल्य एक हजार, 950 रुपये प्रति क्विंटल और गेहूं का मूल्य दो हजार, 200 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में बघेल ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में संगठन मजबूत हो रहा है। इसका अच्छा परिणाम विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा। काशी में सात साल केे अंदर हुए रिकार्ड विकास कार्यो से जुड़े सवाल पर बघेल ने कहा कि विकास देखना है, तो बनारस की गलियों में देखें। वार्ता में पूर्व विधायक अजय राय,कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल,महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे आदि भी उपस्थित रहे।
श्रीधर
