Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकाशी विश्वनाथधाम के लोकार्पण के दिन नगर में मनेगी दीपावली

काशी विश्वनाथधाम के लोकार्पण के दिन नगर में मनेगी दीपावली

तीन दिन लाइटों से सजे रहेंगे शहर के सरकारी कार्यालय, चौराहे और घाट

वाराणसी (हि.स.)। काशीपुराधिपति के धाम बने विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण के दिन नगर में दीपावली एवं देव दीपावली पर्व की तरह उत्सव मनाया जायेगा। नगर में 12,13 और 14 दिसंबर तक सभी सरकारी कार्यालय, चौराह, हाउसिंग सोसाइटी, काम्प्लेक्सों, घाटों और नावों को लाइटों से सजाया जायेगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों पर सजावट करें और दिये जलायें।

बुधवार को वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कमिश्नरी कार्यालय स्थित आडिटोरियम में अफसरों की बड़ी बैठक बुलाई। बैठक में कमिश्नर ने कहा कि विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के समय हम सब मिलकर ऐसा माहौल बनायें, जिससे काशी की एक अच्छी छवि यहां आने वालों को देखने को मिले और विश्व में इसका संदेश जाये। उन्होंने कहा कि अच्छी सजावट करने वालों को प्रोत्साहन राशि इनाम में दी जायेगी। सबसे अच्छी सजावट करने वाले पहला स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार, दूसरे को 21 हजार तथा तृतीय को 11 हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सबसे अच्छी सफाई व सजावट करने वाले वार्ड को भी 11 हजार प्रोत्साहन राशि प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर के पश्चात् घर-घर में काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद और मंदिर के इतिहास की पुस्तिका वितरित की जायेगी। बैठक में पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने की तैयारियों पर किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और लोगों से अपील की कि अवैध पार्किंग से बचें विशेष रूप से फोर व्हीलर मालिकों से अपील की। सड़कों पर आटो रिक्शा चालकों द्वारा स्टंट ड्राइविंग तथा मनमानी पार्किंग करने आदि को गम्भीरता से लेते हुए उनको समझाने और लगाम लगाने की बात कही।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जनपद में विशेष सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। बैठक में शहर में डेढ़ माह तक विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, गवर्नरों, विदेश के मंत्रियों के अलावा देशभर से आने वाले दर्शनार्थियों के आगमन को देखकर व्यवस्थाओं को लेकर भी विमर्श हुआ। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने भी तैयारियों को बताया। इसमें केन्द्रीय व राज्य सरकार के विभागीय अधिकारी, व्यापार मण्डल, पार्षद, इंडस्ट्री, आईएमए, स्वयं सेवी संस्थाएं, सीपीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी,रेड क्रास, नागरिक सुरक्षा, बीएलडब्ल्यू, रेलवे, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एनएचएआई, एनडीआरएफ सहित चुनिंदा नागरिक भी शामिल रहे। बैठक में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, ट्रैफिक जाम की समस्या के निदान के लिए व्यापारियों, पार्षदों ने अपने सुझाव भी दिये । सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत व सफाई, अतिक्रमण रोकने आदि में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular