Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेश काशी वासियों का घर पर होगा नि:शुल्क नेत्र परीक्षण: सुनील ओझा

 काशी वासियों का घर पर होगा नि:शुल्क नेत्र परीक्षण: सुनील ओझा

भाजपा की बैठक में कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी,टीम का गठन

वाराणसी (हि.स.)। वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से अब काशीवासियों के घर पर जाकर नेत्र परीक्षण होगा, जिसके लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। इस अभियान को वार्डस्तर पर चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने का जिम्मा चित्रकूट स्थित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट (संस्थापक रणछोड़दास ) के माध्यम से किया जायेगा। शुक्रवार को ये जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने दी।

अभियान को लेकर ओझा ने सर्किट हाउस में विधानसभा वार बैठक भी किया। बैठक में सुनील ओझा ने कहा कि “स्वस्थ दृष्टि समृद्ध काशी” अभियान के माध्यम से प्रत्येक काशीवासियों के घर पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण संपन्न कराया जाएगा। इस कड़ी में सर्वप्रथम 50 वर्ष के ऊपर के लोगों का स्क्रीनिंग करा कर नेत्र परीक्षण कराया जाएगा। यदि उन्हें नेत्र से संबंधित कैटरेक्ट, मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, अर्धकपारी जैसे किसी भी प्रकार की समस्या होती है, दिखने में कम या रोशनी एकदम नहीं रहता है उसकी पूर्णतया नि:शुल्क जांच कराई जाएगी। उन्हें चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा। यदि उन्हें ऑपरेशन की जरूरत पड़ेगी तो चित्रकूट स्थित सद्गुरु वा संघ ट्रस्ट द्वारा संचालित सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय ले जाकर नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जायेगा। ऐसे मरीजों के आने-जाने, रहने, खाने-पीने की भी सुविधा प्रदान कराई जाएगी।

ओझा ने बैठक में उपस्थित मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, सभी पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष, मीडिया, सोशल मीडिया तथा आईटी सेक्टर को सहयोग करने का निर्देश दिया। ओझा ने कार्यकर्ताओं को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच है कि दिसंबर 2023 तक काशी के 50 वर्ष के ऊपर के लोगों की दृष्टि की समस्या पूर्णतः दूर हो जाए।

उन्होंने बताया कि इस ट्रस्ट के माध्यम से डेढ़ लाख ऑपरेशन प्रतिवर्ष होता है। यहां पर 120 रेजिडेंट डॉक्टर है जो फुल टाइम कार्य करते हैं। बैठक में जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी संदीप चौधरी ने बताया कि काशी में प्रत्येक वार्ड में 60 लोगों की टीम लगाकर सर्वे कराया जाएगा। जिसमें ट्रस्ट के लोग, आशा कार्यकर्ती बहनें, प्राथमिक स्वास्थ्य चिकित्सा केंद्र के लोग शामिल रहेंगे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि इस अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सालय का लाभ सभी काशी वासियों को उपलब्ध कराने में पूर्णतया सहयोग करें।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अशोक मौर्या, सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के भास्कर पांडेय, तरूणेंद्र पयासी, अशोक पटेल, अभिषेक मिश्रा, नवीन कपूर, आत्मा विशेश्वर, इंजीनियर अशोक यादव, महानगर मीडिया प्रभारी किशोर सेठ, शैलेंद्र मिश्रा, मधुप सिंह, डॉ रचना अग्रवाल आदि भी शामिल रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular