Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश काशी में ईद-उल-फितर का उल्लास, अकीदत से ईद की नमाज अदा

 काशी में ईद-उल-फितर का उल्लास, अकीदत से ईद की नमाज अदा

– एक दूसरे के घर जाकर लोग गले मिल मुबारकबाद दे रहे, सोशल मीडिया में भी बधाई का दौर

वाराणसी (हि.स.)। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में इंसानियत और भाईचारे का पर्व ईद-उल-फितर शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। मुस्लिम बंधुओं ने सुबह मस्जिदों और ईदगाहों में कड़ी सुरक्षा के बीच पूरे अकीदत से ईद की नमाज अदा की। देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगने के बाद एक-दूसरे से गले मिल ईद की मुबारकबाद दी।

ईद के पर्व पर लोग अलसुबह से ही स्नान के बाद नये कपड़े पहन, तैयार होकर नमाज अदा करने मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। इसमें बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। अलग-अलग मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज सुबह 6.30 बजे से पूर्वांह 10.30 बजे के बीच हुई। सबसे अंत में ईद की नमाज नई सड़क स्थित मस्जिद लंगड़े हाफिज में अदा की गई। नगर के ईदगाह लल्लापुरा, फातमान और ईदगाह लोहता में ईद की नमाज सुबह पढ़ी गई। चौखंभा स्थित आलमगीर मस्जिद, ज्ञानवापी और मस्जिद खजूर वाली नई सड़क, काशी विद्यापीठ स्थित ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए नमाजियों की भीड़ जुटी रही।

लाट सरैयां मस्जिद में इमाम मौलाना जियाउर्रहमान, ईदगाह पुरानापुल पुलकोहना में इमाम मौलाना शकील, ईदगाह गोगा की बाग जलालीपुरा में मौलाना नुरुल हसन, ईदगाह शक्कर तालाब अहलेहदिस जमात में मौलाना हसन जमील मदनी, नवापुरा जीटी रोड स्थित ईदगाह मस्जिद लंगर में मौलाना इरशाद रब्बानी, सरैयां बाजार स्थित मस्ज़िद शहीद बाबा में इमाम हाफिज गुलाम, इमामबाड़ा सरैया स्थित मस्ज़िद सुन्नी में मौलाना इक़बाल अहमद शिराजी, इमामबाड़ा सरैयां शिया हजरात में इमाम मौलाना जफर हुसैनी, शक्करतालाब स्थित खानखाह हमीदिया रसिदीया में बजे इमाम मौलाना प्यारे मिया, सरैयां पक्कामहाल स्थित बड़ी मस्जिद में इमाम हाफिज खैरुद्दीन, इमिलिया तल्ले छित्तनपुरा मस्जिद में इमाम मौलाना मंजर हसन, पठानीटोला स्थित ढाई कंगूरे मस्जिद में इमाम हाफिज नसीम, काजीसादुल्लापुरा स्थित बड़ी मस्जिद में इमाम मौलाना सकलैन, उस्मानपुरा स्थित मस्जिद उस्मानिया में इमाम मौलाना इनाम, कमलगड़हा जामा मस्जिद में इमाम मौलाना आजाद, दोषीपुरा स्थित नई मस्जिद शिया हजरात में इमाम मौलाना जफर हुसैन, कमालपुरा स्थित मीनार वाली मस्जिद में इमाम मौलाना निजाम ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिस अफसरों ने भी लोगों को गले मिलकर ईद की बधाई दी। बच्चों ने पुलिस अफसरों को बधाई दी तो अफसरों ने उन्हें गोद में बैठा कर स्नेह लुटाया।

नमाज अदा करने के बाद बच्चों ने परिजनों के साथ खिलौने-गुब्बारे खरीदे। पर्व पर घरों में बने पकवान और सेवइयों, लजीज व्यंजनों का लोगों ने लुत्फ उठाया। पकवान और दावत के लिए मित्रों और शुभचिंतकों के साथ रिश्तेदारों को न्योता दिया। इसके बाद लोग एक दूसरे के घर भी पहुंचे और सेवईं खाकर ईद की मुबारकबाद भी दी। इसके पहले शुक्रवार शाम चांद के दीदार होते ही फिजाओं में ईद मुबारक, ईद मुबारक की सदायें गूंजने लगीं। चांद की तस्दीक के लिए मौलाना जकीउल्लाह असदुल कादरी की अध्यक्षता में इज्तेमाई रुय्यते हेलाल कमेटी की बैठक नई सड़क स्थित लंगड़े हाफिज मस्जिद में हुई। कमेटी ने चांद की तस्दीक कर दी । चांद होने की घोषणा होते ही युवाओं के साथ बच्चों ने जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाइयां दी। लोगों के मोबाइल फोन के मैसेज बाक्स बधाई संदेशों से भर गये।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular