विदेश मंत्री एस जयशंकर और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी रहे मौजूद,खिलाड़ियों का जमकर बढ़ाया उत्साह
वाराणसी(हि.स.)। काशी तमिल संगमम् के अंतर्गत आयोजित खेल महोत्सव में शनिवार को बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल के पहले सत्र में तमिलनाडु और यूपी के पुरुष खिलाड़ियों के बीच मैच खेला गया। मैच के पूर्व खेल का शुभारंभ रेल एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्राचीन शहर काशी और विश्व की प्राचीनतम भाषा तमिल इन दोनों का संयोजन है। इस अद्भुत कार्यक्रम से देश और प्रदेश में हर्ष की लहर है । आयोजन यह दिखाता है कि किस तरह से देश एक है। किस तरह से देश मजबूत है और श्रेष्ठता की तरफ बढ़ रहा है।
मैच में तमिल और उत्तर प्रदेश की टीम के बीच कांटे का संघर्ष हुआ। अंत में उत्तर प्रदेश की टीम ने 71 एवं तमिलनाडु की टीम ने 55 गोल किया। जीत उत्तर प्रदेश की टीम को मिली। दूसरे सत्र के खेल का शुभारंभ विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने किया । उन्होंने कहा कि यह बहुत ही अद्भुत कार्यक्रम है। खेल के माध्यम से दोनों राज्यों के छात्र आपस में खेलेंगे और उनका जुड़ाव होगा। उन्होंने कहा कि आज मैं काशी तमिल संगमम् में हिस्सा ले रहा हूं। दूसरे सत्र के बास्केटबॉल प्रतियोगिता में यूपी महिला की टीम ने 22 और तमिलनाडु की महिला टीम ने 51 अंक हासिल किया । प्रतियोगिता में तमिलनाडु ने एकतरफा जीत हासिल की।
श्रीधर
