दल ने बाबा विश्वनाथ के दर पर लगाई हाजिरी,
तमिल महिलाओं ने नृत्य कर बाबा के प्रति दिखाई श्रद्धा
वाराणसी (हि.स.)। काशी तमिल संगमम में भाग लेने के लिए तमिलनाडु से 11वां जत्था भी काशी पहुंच चुका है। दल में ग्रामीण और महिलाएं शामिल है। मंगलवार देर रात दल ट्रेन से कैंट स्टेशन पहुंचा तो हर-हर महादेव व वणक्कम् काशी से उनका अभिनंदन किया गया। अगवानी में स्टेशन के निदेशक गौरव दीक्षित, एडीएआरएम लालजी चौधरी, जिला प्रशासन व भाजपा के नेता खड़े रहे।
दल श्री काशी विश्वनाथ धाम में पहुंचा। मंदिर की परंपरा के अनुसार सभी लोगों का भव्य स्वागत पुष्प वर्षा और डमरू वादन कर किया गया। इसके बाद सभी ने मंदिर में जाकर बाबा का जल और दूध से अभिषेक किया। अभिषेक करने के पश्चात सभी अतिथियों का स्वागत अंग वस्त्र और रुद्राक्ष की माला भेंट करके किया गया। मंदिर चौक में दल में आई महिलाओं ने पारम्परिक लोकनृत्य से भी बाबा के प्रति अगाध श्रद्धा दिखाई। इसके बाद दल में शामिल लोगों ने विश्वनाथ धाम की दिव्यता और भव्यता को देखा और गंगागेट पर जाकर मां गंगा का पूजन किया। दल में शामिल लोगों ने इस दौरान कहा कि बाबा की इच्छा से हम लोगों को यह दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। इस यात्रा के दौरान सभी को माता अन्नपूर्णा का दर्शन और भोगशाला में प्रसाद ग्रहण कराया गया। तमिलनाडु से आये मेहमानों को शाम को बनारस के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर घुमाया जाएगा । रविदास घाट से क्रूज़ के द्वारा बनारस के सभी 84 गंगाघाटों का दल को अवलोकन कराते हुए मां गंगा की आरती में शामिल किया जाएगा।
श्रीधर
