Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकाशी को चालान युक्त नहीं, जाम मुक्त बनाना है : पुलिस कमिश्नर

काशी को चालान युक्त नहीं, जाम मुक्त बनाना है : पुलिस कमिश्नर

महानगर उद्योग व्यापार समिति व पूर्वांचल रियल स्टेट एसोसिएशन के साथ बैठक, समग्र विकास पर मंथन

वाराणसी(हि.स.)। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश ने धर्मनगरी काशी को चालान युक्त नहीं, जाम मुक्त बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने शहर को भीषण जाम से निजात दिलाने में यातायात विभाग के सहयोग के लिए जनता से भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आम जनता के सहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

पुलिस कमिश्नर शुक्रवार को महानगर उद्योग व्यापार समिति व पूर्वांचल रियल स्टेट एसोसिएशन के तत्वावधान में हेरिटेज पैलेस, काटन मिल, चौकाघाट में आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में शहर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारियों, उद्यमियों के साथ यातायात सहित समग्र विकास पर मंथन किया गया। पुलिस आयुक्त ने व्यापारियों के विभिन्न समस्याओं और सुझाव को सुना। कहा कि सड़कों पर हमारा फोकस चालान और वाहनों पर कार्रवाई पर नहीं है, बल्कि बनारस शहर को जाम मुक्त करने पर है। इस पर कमिश्नरेट पुलिस लगातार रणनीति बना रही है। उन्होंने व्यापारियों की ओर से आए सुझाव को बिंदुवार नोट किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों पर अमल किया जाएगा।

समिति के संरक्षक आर.के चौधरी, श्रीनारायण खेमका, पूर्वांचल रियल इस्टेट एसोसिएशन के संरक्षक आरसी जैन और समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा, गोविंद केजरीवाल ने यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर कई सुझाव दिए। चौक, मैदागिन, गोदौलिया में कैसे भीड़ को नियंत्रित करने और प्रमुख चौराहों पर प्रशिक्षित ट्रैफिक गार्ड नियुक्त करने की मांग उठाई। पूर्वांचल रियल स्टेट एसोसिएशन के चेयरमैन अनुज डीडवानिया ने शहर के अंदर स्कूल बसों का मुद्दा उठाया और एयरपोर्ट पर पार्किंग द्वारा अवैध वसूली के प्रकरण को पुलिस आयुक्त के समक्ष रखा। समिति के महामंत्री अशोक जायसवाल एवं आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया, गोकुल शर्मा ने शहर में प्रवेश के इंट्री पॉइंट पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष प्रेम मिश्रा, संचालन अशोक जायसवाल, धन्यवाद ओपी गुप्ता ने किया। बैठक में सोमनाथ विश्वकर्मा, यू आर सिंह, अजय जायसवाल बबलू, मनीष चौबे , योगेश अग्रवाल, नवल ,अनुज सर्राफ, उमाशंकर पोद्दार आदि शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular