Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकार्यकर्ता उत्सव की तरह करें विधानसभा चुनाव की तैयारी : राधामोहन

कार्यकर्ता उत्सव की तरह करें विधानसभा चुनाव की तैयारी : राधामोहन

देवरिया (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी राधा मोहन सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारी उत्सव की तरह करने का आह्वान किया है। सिंह ने कहा कि प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी तो चुनौतियां विरासत में मिलीं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उन चुनौतियों का सामना डटकर किया और आज प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है।

राधा मोहन सिंह ने शुक्रवार को औराचौरी स्थित भाजपा कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि अब आप सभी अपने-अपने बूथों को मजबूत कर लें। बूथ पर रोज कम से कम दो घंटे का समय दें और घर-घर सम्पर्क करें। आप सभी ने अपने कार्य क्षमता का परिचय 2014, 2017 और 2019 में भाजपा को जिता कर दिया है तो 2022 भी भाजपा वैसे ही जीते जैसे 2014, 2017 और 2019 में जीती थी। उन्होंने कहा कि जैसे घर में कोई उत्सव या कोई कार्यक्रम होता है उसी प्रकार विधानसभा चुनाव की तैयारी भी करें।

सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ कमेटियों एवं शक्तिकेन्द्रों पर गठित समितियों के संबंध में जानकारी ली, साथ ही कार्यकर्ताओं से मेरा बूथ सबसे मजबूत नारे पर अमल करने को कहा। उन्होंने कहा कि जहां भी बूथ कमेटियों का गठन नही हुआ है, वहां जल्द कमेटियों का गठन होना चाहिए। अगर हम लोग अपने-अपने बूथों को जितने में सफल रहे तो भाजपा फिर उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

बैठक में कृषिमंत्री सूर्यप्रताप शाही, सांसद रविन्द्र कुशवाहा, राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद, जिलाध्यक्ष डॉ. अंतर्यामी सिंह, जिला प्रभारी सुनील गुप्ता, विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेश तिवारी, विधायक कमलेश शुक्ला, विधायक काली प्रसाद समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

ज्योति

RELATED ARTICLES

Most Popular