ऊर्जा मंत्री के आवास पर हुआ सुंदरकांड का पाठ, ए.के. शर्मा ने खुद बजाए ढोल
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर अपने आवास पर सुंदर कांड का पाठ कराया और स्वयं ही ढोल बजाते हुए नजर आये। उनके आवास पर जमकर श्रीराम के नारे लगे। ढोल नगाड़ों पर रामभक्त थिरकते रहे।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम को संवारने में लगे कार्मिकों का धन्यवाद देते हुए कहा कि मुझे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि इन दोनों विभागों के कार्मिकों के लगन, मेहनत और परिश्रम से अयोध्याधाम को आने वाले पर्यटक, श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि भगवान श्री राम भी प्रसन्न होंगे। उनके परिवार को भगवान श्री राम कुशलक्षेम और कल्याण का आशीर्वाद भी देंगे। ए.के. शर्मा ने अयोध्याधाम में होने वाले प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का परिवार सहित संजीव अवलोकन भी किया।
ए.के. शर्मा ने कहा कि विगत 500 वर्षों से अधिक समय से हमारा देश अपने पुरातन विश्वास, संस्कृति व आस्था को पुनर्स्थापित करने के लिए लगातार संघर्ष करता रहा। हर प्रकार की लड़ाइयां को लड़ने के बाद विजय का शंखनाद हुआ और हमारी प्राचीन आस्था, विश्वास व सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने के लिए हमारे आराध्य की अयोध्याधाम में आज को दिव्य व भव्य रूप से बने हुए मंदिर में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा हो सकी। अयोध्या धाम अब भारत की ही नहीं, बल्कि विश्वभर के राम भक्तों के लिए सांस्कृतिक राजधानी के रूप में जानी जाएगी और देश को एकता के सूत्र में जोड़ने का कार्य करेगी। पूरे देश व दुनियाभर से लोग अब अपने आराध्य भगवान श्री राम के दर्शन के लिए अयोध्याधाम आएंगे और यहां से लौटकर भारत की प्राचीन सांस्कृतिक गौरव को पूरी दुनिया में फैलाएंगे।
उपेन्द्र/राजेश
