बलिया (हि. स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर बलिया में गंगा और तमसा के संगम पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मध्यरात्रि गंगा महाआरती के बाद लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की पवित्र डुबकी लगायी और भृगु मंदिर में दीपक जलाए।
कार्तिक पूर्णिमा पर भृगु क्षेत्र में गंगा स्नान के महात्म्य को देखते हुए यहां उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार से भी लोग आए हैं। गुरूवार दोपहर से ही ट्रेनों और बसों से उतर कर लोगों के कदम गंगा घाटों की तरफ चल पड़े थे। शहर से गंगा घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर मानो आस्था का रेला उमड़ पड़ा था। माथे पर गठरी और जुबान पर गंगा गीत गाते हुए महिलाएं चल रही थीं। शिवरामपुर स्थित मुख्य घाट पर रात के बारह बजे कोलकाता से आए पंडित नमामि शंकर की टीम ने गंगा की महाआरती की। इसी के साथ गंगा में हजारों दीपक जलाए गए। यह दृश्य देख हर कोई भाव विह्वल नजर आया। नजारा ऐसा था, मानो गंगा में आकाश दीप उतर आए हों।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर, नगर पालिका के अध्यक्ष अजय कुमार, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवीण कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी आदि अधिकारी थे।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहर से गंगा घाट तक सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। भारी संख्या में पुलिस तैनात है। गंगा में पीएसी की जल पुलिस की टुकड़ी लगातार चक्रमण पर है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर भृगु क्षेत्र से होकर गुजरने वाली मां गंगा के अन्य घाटों पर भी लोग स्नान कर पुण्य लाभ ले रहे हैं। उजियार, भरौली, और माझी घाट पर भी लोग भारी संख्या में स्नान कर रहे हैं। स्नान का यह सिलसिला शुक्रवार दिन भर चलेगा।
