गाजियाबाद(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अपने काम की बदौलत उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में योगी सरकार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। देश में इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता पर जादू चल रहा है। इसकी वजह यह है कि इन दोनों ने अपने कार्यकाल में देश में किए गए ऐतिहासिक कार्य है।
हापुड़ जाते समय शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार के विकास कार्य ही हमारे प्लस प्वाइंट हैं। इस आधार पर भाजपा पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी पर लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में वर्ष 2017 में हुए चुनाव के मुकाबले भाजपा इस बार ज्यादा सीटें जीतेगी, क्योंकि भाजपा सरकार ने प्रदेश का विकास किया है। यूपी अब विकसित राज्य है और यहां पहले के मुकाबले कानून व्यवस्था में भी सुधार हुआ है।
महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में किए गए जोरदार स्वागत के दौरान प्रदेश प्रभारी को फूल माला तथा बुके भेंट कर स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में महामंत्री पप्पू पहलवान, सुशील गौतम, राजेश त्यागी, गोपाल अग्रवाल, अश्विनी शर्मा, नीरज गोयल, प्रदीप चौधरी, कार्यक्रम संयोजक लेखराज माहौर, पूर्व महानगर महामंत्री पार्षद ललित कश्यप, पार्षद कृपाल सिंह, पार्षद चंपा महाराज, महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह, विमल शर्मा आदि उपस्थित रहे।
