Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानून व्यवस्था सुधार के नाम पर पुलिसिया बर्बरता बढ़ी : अजय लल्लू

कानून व्यवस्था सुधार के नाम पर पुलिसिया बर्बरता बढ़ी : अजय लल्लू

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि योगी राज में कानून व्यवस्था सुधार के नाम पर पुलिसिया बर्बरता बढ़ी है।

मानवाधिकार उल्लंघन के मामले में यूपी के लगातार तीसरे साल नंबर वन होने पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि सूबे की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है मगर कानून व्यवस्था के सुधार के नाम पर पुलिस की बर्बरता ही देखने को मिलती है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ताज़ा रिपोर्ट किसी भी सरकार के लिए शर्मिंदा करने वाली है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी अपनी पीठ ठोंकने में जुटे हुए हैं। एनएचआरसी की रिपोर्ट कहती है कि देश भर से आए मानवाधिकार उल्लंघन मामलों में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी सिर्फ उत्तर प्रदेश की है, जो कि बेहद शर्मनाक है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कानपुर में एक बच्ची को गोद में लिए व्यक्ति की बर्बर पिटाई का वीडियो वायरल है। पुलिस वाला बुरी तरह से उसे लाठियों से पीट रहा था। बच्ची लगातार रो रही है, इसके बावजूद पुलिस वाले को दया नहीं आ रही। यह घटना पुलिस बर्बरता का एक नमूना भर है। हक़ीकत ये है कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ा है और पुलिस बेलगाम हुई है।

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कानून व्यवस्था कायम करने में कानून का भय होना चाहिए न कि जनता में पुलिस का भय। आदर्श कानून व्यवस्था में व्यक्ति को न्याय मिलना चाहिए न कि पुलिस द्वारा समाज में डर का माहौल पैदा करना चाहिए। मुख्यमंत्री पुलिस पर अपना इकबाल कायम करने में फेल रहे हैं और कानून व्यवस्था कायम करने के नाम पर सिर्फ पुलिसिया बर्बरता बढ़ी है। कानून व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कम नहीं हुआ, लूट और चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल की यही उपलब्धि है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular